Republic Day 2023 : इस बार गणतंत्र दिवस समारोह को खास बनाने की तैयारी है। गणतंत्र दिवस समारोह की थीम 'आम लोगों की भागीदारी' पर सरकार का जोर है। इस थीम के अनुरूप ही इस बार अतिथियों को न्योता भेजा गया है। रिपोर्टों के मुताबिक गणतंत्र दिवस समारोह के परेड के दौरान अतिथियों की अग्रिम पंक्ति में गणमान्य व्यक्ति नहीं बल्कि श्रमजीवी नजर आएंगे। अग्रिम पंक्ति में सेंट्रल विस्टा के निर्माण में काम कर चुके श्रमिकों, उनके परिवारों, कर्तव्य पथ की देखभाल करने वाले कर्मियों सहित रिक्शाचालकों, छोटे दुकानदारों एवं सब्जी बेचने वाले को बिठाया जाएगा।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी मुख्य अतिथि
इस बार 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी हैं। परेड में इस बार मिस्र का 120 सदस्यों का मार्चिंग जत्था भी नजर आएगा। कर्तव्यपथ पर यह पहली बार परेड का आयोजन है, इससे पहले इस पथ को राजपथ के नाम से जाना जाता था। इस बार परेड देखने के लिए पहले से तय सीटों में कटौती की गई है।
32,000 टिकटों की ऑनलाइन बिक्री
रिपोर्टों के अनुसार इस साल गणतंत्र दिवस समारोह सेंट्रल विस्टा एवेन्यू में होगा और सरकार ने जनता के लिए 32,000 टिकट ऑनलाइन बिक्री के लिए रखे हैं। पहली बार ऐसा होगा कि समारोह के लिए सभी आधिकारिक आमंत्रण ऑनलाइन भेजे जाएंगे। रक्षा सचिव गिरिधर अरमने ने यहां साउथ ब्लॉक में प्रेसवार्ता के बाद गणतंत्र दिवस समारोह के हिस्से के रूप में 23-31 जनवरी तक होने वाले आयोजनों पर एक प्रस्तुति दी।समारोह में वायुसेना के 50 विमान हिस्सा लेंगे
कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार नौसेना के नौ राफेल और आईएल-38 समेत कुल 50 विमान हिस्सा लेंगे। नौसेना के आईएल-38 विमान को इस बार संभवत: पहली और अंतिम बार प्रदर्शित किया जाएगा। भारतीय वायुसेना ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में झांकी के एक मॉडल का भी अनावरण किया, जिसे 26 जनवरी की परेड के दौरान प्रदर्शित किया जाएगा।यातायात परामर्श जारी
गणतंत्र दिवस परेड के पूर्वाभ्यास के मद्देनजर 18, 20 और 21 जनवरी को सुबह सवा दस बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक कर्तव्य पथ पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अनुरोध किया कि वे यातायात संबंधी नियमों और सड़क अनुशासन का पालन करें और सभी चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने लोगों से असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना बनाने को भी कहा। पुलिस की ओर से जारी यातायात परामर्श ने उत्तरी से दक्षिणी और दक्षिणी से उत्तरी दिल्ली जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सुझाव भी दिया।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
