देश

10वीं बार 'नीतीश चाचा' ने ली CM पद की शपथ तो तेजस्वी ने क्या कहा? पढ़ें बिहारवासियों को लेकर क्या बोले RJD नेता

Nitish Kumar Oath Ceremony: जनता दल (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री पद की दसवीं बार शपथ ली। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यमंत्री के साथ 26 मंत्रियों को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

Image

सीएम नीतीश कुमार ने ली 10वीं बार सीएम पद की शपथ तो तेजस्वी ने दी बधाई।(फोटो सोर्स: PTI)

Nitish Kumar Oath Ceremony: जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को एक भव्य समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री पद की रिकॉर्ड 10वीं बार शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई गणमान्य नेता उपस्थित रहे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी इस अवसर पर मौजूद थे। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कुमार और 26 सदस्यीय मंत्रिपरिषद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

क्या बोले तेजस्वी यादव?

शपथ ग्रहण समारोह के बाद पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बिहार सरकार में मंत्रियों के रूप में शपथ लेने वाले सभी साथियों को हार्दिक बधाई। यह समर्पित नेताओं की शानदार टीम है, जो बिहार को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगी। सभी को मेरी शुभकामनाएं।’’ समारोह के अंत में प्रधानमंत्री ने अपने चिरपरिचित अंदाज में ‘गमछा’ हवा में लहराकर उपस्थित जनसमूह का उत्साह बढ़ाया।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने एक्स हैंडल के जरिए नीतीश कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा,"आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। मंत्रिपरिषद् के सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले बिहार सरकार के सभी मंत्रियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आशा है नई सरकार जिम्मेदारीपूर्ण लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतर अपने वादों एवं घोषणाओं को पूरा करेगी तथा बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक व गुणात्मक परिवर्तन लाएगी।"

मंत्रिमंडल में कम से कम तीन मंत्री विधान परिषद के सदस्य

शपथ लेने वालों में भाजपा विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी और उपनेता विजय कुमार सिन्हा शामिल थे, जो पिछली राजग सरकार में उपमुख्यमंत्री थे। मंत्रिमंडल में कम से कम तीन मंत्री विधान परिषद के सदस्य हैं जिनमें जदयू के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यमंत्री के विश्वस्त अशोक चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख संतोष कुमार सुमन शामिल हैं।

किन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ?

जमुई से लगातार दूसरी बार निर्वाचित पुरस्कार विजेता निशानेबाज श्रेयसी सिंह को पहली बार मंत्रिमंडल में जगह मिली है।

मुजफ्फरपुर के पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी और औराई से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक रमा निषाद को भी मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया है।

जदयू के नौ बार के विधायक बिजेंद्र प्रसाद यादव भी एक बार फिर मंत्रिमंडल में लौटे हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद शपथ लेने वाले अन्य 26 मंत्रियों में जदयू से विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी (एमएलसी), सुनील कुमार, लेशी सिंह, मदन सहनी, मोहम्मद जामा खान शामिल हैं।

भाजपा से सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन, राम कृपाल यादव, संजय सिंह टाइगर, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह, नारायण प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, अरुण शंकर प्रसाद और डॉ. प्रमोद कुमार (एमएलसी) शामिल हैं।

हम से संतोष सुमन , राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) से दीपक प्रकाश के साथ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संजय कुमार और संजय कुमार सिंह हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article