देश

बिहार में सियासी उठापटक के बीच एक्शन में सीएम नीतीश, कई IAS अधिकारियों का किया तबादला

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 26, 2024, 06:45 PM IST

Many IAS Officers Transferred In Bihar: बिहार की सियासत में जारी उथल-पुथल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने सूबे के कई कई IAS अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया है। साथ ही बिहार में कई विभाग के सचिवों का भी तबादला किया गया है। समझिए समीकरण।

Image

नीतीश कुमार हुए अलर्ट।

Photo : Times Now Digital

Nitish Kumar in Action: नीतीश कुमार फुल ऑन एक्शन मूड में नजर आ रहे हैं। बिहार में कई IAS अधिकारियों का तबादला किया गया है। खुद सीएम नीतीश ने इन अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। साथ ही बिहार में कई विभाग के सचिवों का भी तबादला किया गया है।

एक्शन मोड में बिहार के सीएम नीतीश कुमार

बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन में दरार की अटकलों के बीच जनता दल यूनाइटेड (जदयू) अध्यक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फैसलों से ये समझना आसान होता जा रहा है कि वो अब एक बार फिर भाजपा के साथ वापस आने का मन बना रहे हैं। उन्होंने कई IAS अधिकारियों और कई विभागों के सचिवों का तबादला कर दिया है।

राजभवन में जलपान में शामिल नहीं हुए राजद के नेता

शुक्रवार को बिहार राजभवन में आयोजित जलपान समारोह में नीतीश कुमार शामिल हुए, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव तथा उनकी पार्टी के अधिकांश नेता अनुपस्थित रहे। समारोह के दौरान राजभवन में नीतीश कुमार के बगल वाली कुर्सी पर पहले उपमुख्यमंत्री की पर्ची लगायी गई थी, लेकिन बाद में उसे हटाकर उस कुर्सी पर जद (यू) के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के मंत्री अशोक कुमार चौधरी बैठ गए।

वहीं चौधरी के बगल में बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विजय कुमार सिन्हा बैठे और वह नीतीश कुमार के साथ वार्तालाप करते हुए देखे गए। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजभवन में जलपान के आयोजन की पुरानी परंपरा रही है। हालांकि शिक्षा मंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) राष्ट्रीय महासचिव आलोक कुमार मेहता राजभवन पहुंचे थे लेकिन तेजस्वी यादव और विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी सहित पार्टी के कई अन्य नेता इसमें शामिल नहीं हुए।

तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति पर क्या बोले नीतीश?

नीतीश कुमार से जब समारोह में तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति के बारे में पूछा गया तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि ‘‘जो नहीं आए उन्हें पूछिए।’’ इसके बाद वह अपने आधिकारिक आवास वापस लौट गए। ऐसी अटकलें लगायी जा रही हैं कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में सीट बंटवारे में हो रही देरी से नाखुश नीतीश कुमार भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी की योजना बना रहे हैं। हालांकि भाजपा नेता कहते रहे हैं कि

जद(यू) प्रमुख नीतीश कुमार के लिए दरवाजे बंद हैं और जद(यू) नेता भी कहते रहे हैं कि पार्टी मजबूती से ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ है।

वहीं समारोह समाप्त होने के बाद पत्रकारों के बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा से नीतीश कुमार के राजग में वापसी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, 'मैं प्रतिपक्ष के नेता के रूप में यहां हूँ। मुझे अटकलों के पीछे की सच्चाई के बारे में कोई जानकारी नहीं है। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसमें नेतृत्व द्वारा सामूहिक रूप से निर्णय लिये जाते हैं। जो भी निर्णय लिया जाएगा हम सभी उसका पालन करेंगे।' सिन्हा बृहस्पतिवार देर रात दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर आयोजित बिहार भाजपा नेताओं की बैठक में भी उपस्थित थे। सिन्हा ने महागठबंधन में दरार की अफवाहों पर भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा, 'यह एक ऐसा सवाल है जो आपको उसके सदस्यों से पूछना चाहिए।'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!