देश

NIA ने US नागरिक समेत 7 विदेशी आरोपियों पर UAPA जांच जारी रखी, आतंक के आरोप नहीं हटाए

एनआईए ने अमेरिकी नागरिक मैथ्यू आरोन वैन डाइक समेत छह यूक्रेनी नागरिकों के खिलाफ UAPA के तहत जांच जारी रखी है। एजेंसी ने फिलहाल इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट के तहत चार्जशीट दाखिल की है, जबकि आतंकवाद से जुड़े आरोपों की जांच अभी पूरी नहीं हुई है।

Image

(फाइल फोटो-Istock)

दिल्ली : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अमेरिकी नागरिक मैथ्यू आरोन वैन डाइक और छह यूक्रेनी नागरिकों के खिलाफ आतंकवाद रोधी कानून UAPA के तहत जांच बंद नहीं की है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी की UAPA के तहत जांच अभी जारी है। NIA ने फिलहाल सातों आरोपियों के खिलाफ इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट (IFA) के तहत चार्जशीट दाखिल की है। जांच के दौरान इस कानून के तहत अवैध प्रवेश, भारत में ठहरने और आवाजाही से जुड़े अपराध प्रथम दृष्टया स्थापित होने के बाद एजेंसी ने यह चार्जशीट दाखिल की।

सूत्रों के अनुसार, NIA ने अपनी पहली चार्जशीट में स्पष्ट किया है कि UAPA के तहत जांच अभी जारी है। कानून के तहत चार्जशीट दाखिल होने के बाद भी आगे की जांच की जा सकती है और नए साक्ष्य सामने आने पर सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल करने का प्रावधान है।

सातों आरोपी 8 सितंबर को न्यायिक हिरासत के 180 दिन पूरे करने वाले थे। यदि निर्धारित अवधि के भीतर चार्जशीट दाखिल नहीं की जाती, तो उन्हें डिफॉल्ट बेल मिलने का कानूनी आधार बन सकता था। ऐसे में IFA के तहत अपराध स्थापित होने के बाद NIA ने पहली चार्जशीट दाखिल की।

एनआईए ने विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा की अदालत में IFA की धारा 21 और 23 के तहत आरोप लगाए हैं। एजेंसी ने आरोपियों पर अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करने, रहने और आवाजाही करने का आरोप लगाया है। NIA ने 13 मार्च को वैन डाइक के साथ छह यूक्रेनी नागरिकों—कामिन्स्की विक्टर, हुरबा पेट्रो, स्लिवियाक तारास, इवान सुखमानोव्स्की, स्टेफानकिव मारियन और होंचारुक मैक्सिम—को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि ये लोग म्यांमार से मिजोरम सीमा के रास्ते भारत में दाखिल हुए और बाद में देश के अलग-अलग घरेलू हवाई अड्डों पर पकड़े गए।

जांच एजेंसी ने पहले इनके खिलाफ UAPA के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। आरोपियों के बारे में यह भी आरोप लगाया गया था कि वे भाड़े के लड़ाकों (mercenaries) के तौर पर काम कर रहे थे। सरकारी सूत्रों ने यह भी कहा कि अमेरिकी राजनयिकों द्वारा अपने नागरिक की हिरासत का मुद्दा उठाना सामान्य राजनयिक प्रक्रिया है। विदेशों में भारतीय नागरिकों की गिरफ्तारी के मामलों में भी भारतीय मिशन संबंधित अधिकारियों से कांसुलर एक्सेस, कानूनी सहायता और निष्पक्ष व्यवहार की मांग करते हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article