देश

BJP का बंगाल मिशन: 27-28 को नितिन नवीन तो 30-31 जनवरी को शाह जाएंगे बंगाल; कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र

इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा ममता बनर्जी के गढ़ को फतह करने की तैयारी में पूरी तरह से जुट गई है। भाजपा के शीर्ष नेता इसी रणनीति के तहत बैक-टू-बैक पश्चिम बंगाल का दौरा कर रहे हैं। भाजपा का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनावों में राज्य की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाना और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के 14 वर्षों के शासन को समाप्त करना है।

Image

नितिन नवीन,अमित शाह (फोटो- @BJP)

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 और 28 जनवरी को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद किसी राज्य का यह उनका पहला आधिकारिक दौरा होगा। इस दौरान वह राज्य में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे। पश्चिम बंगाल में इस साल विधानसभा चुनाव होना है, ऐसे में भाजपा अध्यक्ष का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।

नितिन नवीन का ऐसा रहेगा कार्यक्रम

भाजपा सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन 27 जनवरी को दुर्गापुर में स्टेट कोर टीम मीटिंग की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक रणनीति, राजनीतिक रोडमैप और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके बाद अगले दिन यानी 28 जनवरी को वे पूर्व बर्धमान के चित्रालय मेला मैदान में आयोजित बर्धमान विभाग कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद वह दोपहर में रानीगंज में आसनसोल जिला कार्यकर्ता बैठक में शामिल होंगे, जहां जिला स्तर पर संगठनात्मक मुद्दों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

शाह भी जाएंगे ममता के गढ़

इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह भी 30 और 31 जनवरी को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान अमित शाह संगठनात्मक और राजनीतिक बैठकों में हिस्सा लेकर पार्टी कैडर को सक्रिय करेंगे और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

बैक-टू बैक भाजपा नेता कर रहे बंगाल का दौरा

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के लगातार दौरों को पश्चिम बंगाल में भाजपा की रणनीतिक सक्रियता के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनावों में राज्य की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाना और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के 14 वर्षों के शासन को समाप्त करना है।

इस साल होने वाले चुनावों के लिए एक्टिव हो गई है भाजपा

इससे पहले नितिन नबीन ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की अध्यक्षता की थी। इस बैठक में उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और प्रगति पर संतोष जताया। बैठक के दौरान नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा को पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में सरकार बनाने का पूरा भरोसा है, जबकि केरल में भी पार्टी के मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है। बैठक में महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर भी चर्चा की गई। भाजपा अध्यक्ष ने संगठन को और मजबूत करने पर जोर देते हुए बूथ और मंडल स्तर की इकाइयों को सशक्त बनाने की आवश्यकता बताई और पार्टी पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्यों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article