Rahul Gandhi Kota rally: कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बुधवार से देश भर में NEET पेपर लीक के मुद्दे पर अपने देशव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे। राहुल के इस अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा से हो रही है। वह ट्रेन के जरिए कोटा पहुंचेंगे। राजस्थान के बाद प्रयागराज, पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में भी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस का दावा है कि इस अभियान में छात्र, परीक्षा की तैयारी करने वाले युवा, युवा संगठन, शिक्षक और परीक्षा घोटालों से सीधे प्रभावित सभी लोग शामिल होंगे।
कांग्रेस यह आंदोलन ऐसे दौर में शुरू करने जा रही है, जब कॉक्रोच जनता पार्टी (CJP) नाम का डिजिटल ग्रुप पहले से ही NEET परीक्षा और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ माहौल बना चुका है। CJP ने 6 जून को दिल्ली के जंतर मंतर से विरोध प्रदर्शन शुरू किया था, और उसके संस्थापक अभिजीत दिपके फिलहाल देशव्यापी अभियान पर निकले हुए हैं। जयपुर में प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके को कुछ युवकों ने थप्पड़ भी मारा है।
'टूलकिट गैंग आयोजित कर रही कार्यक्रम'
भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राहुल गांधी का राजस्थान दौरा और कोटा में छात्रों के साथ उनका संवाद कार्यक्रम उनकी 'टूलकिट गैंग’ राजनीतिक फायदे के लिए युवाओं को गुमराह करने के मकसद से आयोजित कर रही है। गांधी बुधवार को कोटा में एक छात्र सम्मेलन को संबोधित करने वाले हैं। यह कार्यक्रम कांग्रेस उन छात्रों और युवाओं तक पहुंचने के लिए आयोजित कर रही है जो 'पेपर लीक’और परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं से प्रभावित हुए हैं।
भाजपा ने लगाया 'तुच्छ' राजनीति करने का आरोप
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि स्थानीय कांग्रेस नेता छात्रों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मजबूर कर रहे हैं और गेस्ट हाउस व पेइंग गेस्ट (पीजी) मालिकों को धमका रहे हैं ताकि गांधी की 'तुच्छ राजनीति’ के लिए बड़ी संख्या में भीड़ जुटाई जा सके। भाटिया ने गांधी से पूछा, 'जब छात्र पढ़ाई करना चाहते हैं और अपनी (नीट) परीक्षा दोबारा देना चाहते हैं, तो आप और आपके नेता छात्रों और अन्य संबंधित लोगों को क्यों धमका रहे हैं? आप खलनायक की तरह व्यवहार करके छात्रों के भविष्य के साथ क्यों खिलवाड़ कर रहे हैं?’
राजस्थान की राजनीति में घमासान तेज
कोटा में राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम को लेकर राजस्थान की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने इस दौरे को 'राजनीतिक पर्यटन' करार देते हुए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राठौड़ का कहना है कि जिस समय छात्र अपनी परीक्षाओं की तैयारी में व्यस्त हैं, उस समय राहुल गांधी का कोटा आगमन उन्हें परेशान करने वाला है।
संवाद कार्यक्रम के पोस्टर हटा रहा प्रशासन-गहलोत
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कोटा प्रशासन कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्रों के साथ प्रस्तावित संवाद कार्यक्रम से पहले उससे जुड़े होर्डिंग हटा रहा है। गहलोत ने दावा किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान प्रशासन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यक्रमों के होर्डिंग लगाने में सहयोग किया था, लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार राहुल गांधी के कार्यक्रम से जुड़े प्रचार सामग्री को हटा रही है। उन्होंने दावा किया कि यह कार्रवाई भाजपा की घबराहट को दर्शाती है और इसे उन्होंने राजनीतिक साजिश करार दिया।
