देश

NEET Paper Leak केस में पुणे में बड़ा एक्शन, PMC ने RCC कोचिंग को किया सील

NEET Paper Leak केस में पुणे में रेणुकाई केमिस्ट्री सेंटर (RCC) को सील कर दिया गया है। कोचिंग संचालक को पेपर लीक केस में सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है।

Image

पुणे में RCC कोचिंग क्लासेस को सील कर दिया गया है (फोटो- PMC)

NEET Paper Leak मामले में पुणे से गिरफ्तार रेणुकाई केमिस्ट्री सेंटर (RCC) का मालिक जहां इस समय सीबीआई की हिरासत में है, वहीं उसके कोचिंग सेंट्र को अब सील कर दिया गया है। पुणे नगर निगम (PMC) ने RCC कोचिंग को सील कर दिया है। इस कार्रवाई के दौरान वहां भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा।

कोचिंग संस्थापक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर गिरफ्तार

सीबीआई ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में महाराष्ट्र के लातूर रेणुकाई केमिस्ट्री सेंटर (आरसीसी) के संस्थापक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को रविवार शाम गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने रविवार को मोटेगांवकर के आवास की तलाशी ली थी और उस दौरान मेडिकल प्रवेश परीक्षा का लीक हुआ प्रश्न पत्र उसके मोबाइल फोन से मिला। इसके बाद मोटेगांवकर को गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीआई ने कहा कि मोटेगांवकर नीट यूजी प्रश्नपत्र को लीक करने और प्रसारित करने में शामिल संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य था। मोटेगांवकर के कोचिंग सेंटर की लातूर स्थित मुख्य शाखा सहित नौ शाखाएं हैं।

सीबीआई का क्या है दावा?

सीबीआई ने गिरफ्तारी के अपने आधारों में कहा है कि अन्य आरोपियों के साथ, मोटेगांवकर को परीक्षा से दस दिन पहले 23 अप्रैल को प्रश्न पत्र और उत्तर प्राप्त हुए थे। सीबीआई जब्त किए गए मोबाइल फोन को फॉरेंसिक विश्लेषण के लिए भेजेगी ताकि यदि कोई डेटा मिटाया गया हो तो उसे पुन: प्राप्त किया जा सके। सीबीआई का आरोप है कि मोटेगांवकर ने लीक हुए प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं की प्रतियां हस्तलिखित नोट्स के रूप में कई लोगों को उपलब्ध कराई थीं, जिन्हें परीक्षा होने के बाद नष्ट कर दिया गया था। एक सीबीआई प्रवक्ता ने बयान में कहा, "वह एनटीए से संबद्ध रसायन विज्ञान के लेक्चरर पीवी कुलकर्णी का करीबी है। उसके संस्थान और आवास पर तलाशी के दौरान रसायन विज्ञान के प्रश्नपत्र बरामद हुए, जिनमें तीन को आयोजित परीक्षा में पूछे गए प्रश्न थे।"

21 जून को फिर से होगी NEET की परीक्षा

नीट-यूजी 2026 परीक्षा तीन मई को भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। सात मई की शाम कथित गड़बड़ी की जानकारी मिलने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। इस परीक्षा के लिए करीब 23 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा 21 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article