देश

क्या मुंबई अब फिल्मों की राजधानी नहीं रही...?; दिल्ली से गुजरात शिफ्ट हुआ नेशनल फिल्म अवॉर्ड शो तो राज ठाकरे ने उठाए सवाल

नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह दिल्ली से गुजरात शिफ्ट किए जाने पर विवाद शुरू हो गया है। मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने सवाल उठाया कि समारोह मुंबई या दक्षिणी राज्यों में क्यों नहीं आयोजित किया गया।

Image

राज ठाकरे ने उठाए सवाल (फाइल फोटो)

नेशनल फिल्म अवॉर्ड के 72 साल के इतिहास में पहली बार, यह समारोह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से हटाकर गुजरात के केवडिया में आयोजित किया जा रहा है। इसको लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे की प्रतिक्रिया आई है। राज ठाकरे ने नाराजगी जताते हुए कहा है कि आर्थिक राजधानी मुंबई के महत्व को कम करने के प्रयास तो लगातार चल ही रहे हैं, अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के महत्व को भी धीरे-धीरे कम करने की कोशिशें शुरू हो गई हैं।

राज ठाकरे ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि नेशनल फिल्म अवॉर्ड को दिल्ली से गुजरात ले जाने की असल वजह क्या रही होगी? इतना ही नहीं, उन्होंने बीजेपी नेतृत्व पर 'अक्षम' करार देते हुए लिखा कि जब आप खुद कुछ नया नहीं बना सकते, तो पुरानी परंपराओं, नाम और स्थानों में बदलाव कर एक भ्रामक इतिहास गढ़ने की कोशिश करते हैं।

'मुंबई में क्यों नहीं कराए जा रही अवॉर्ड सेरेमनी?'- राज ठाकरे

इतना ही नहीं, राज ठाकरे ने बिना किसी का नाम लिए पोस्ट में यह भी लिखा कि सत्ता में काबिज दो नेताओं को यह डर हो गया है कि कहीं उनका प्रभाव केवल गुजरात तक ही सीमित न रह जाए, इसलिए वहां की भव्यता और महत्व का अहसास कराने के लिए 72 साल पुरानी परंपरा बदल दी गई।

राज ठाकरे ने सवाल किया है कि अगर अवॉर्ड सेरेमनी की लोकेशन बदलनी ही थी तो फिर इसे मुंबई क्यों नहीं लाया गया? पुरस्कार उस राज्य में क्यों नहीं बांटे जा रहे जहां दादासाहेब फालके ने भारतीय सिनेमा की नींव रखी थी? महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश या तेलंगाना जैसे उन दक्षिणी राज्यों में क्यों नहीं जहां सबसे ज्यादा फिल्में बनती हैं?

'देश के सारे बड़े काम गुजरात में ही क्यों?'

इतना ही नहीं, राज ठाकरे ने जुबानी हमला बोलते हुए कहा, 'पूर्व प्रधानमंत्रियों ने कभी भी अपने गृहराज्यों का कद बढ़ाने की कोशिश नहीं की थी, अब देखा जा रहा है कि राष्ट्रमंडल खेल भी गुजरात में आयोजित किए जाते हैं। साल 2023 का क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल भी गुजरात में होता है। आने वाले राष्ट्राध्यक्षों को गुजरात ले जाया जाता है। GIFT सिटी प्रोजेक्ट को मुंबई से गुजरात ट्रांसफर कर दिया जाता है।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article