पटना बेउर जेल से निकलते ही पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बड़ा बयान दे दिया है। साथ ही उन्होंने खुद को जेल भेजे जाने पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि प्रशासन ने ऐसा क्यों किया। सरकार में एक दो लोग हैं जिन्होंने बदमाशी की है। एक दिल्ली के नेता, एक बिहार के नेता और एक पुर्णिया के नेता की ये साजिश थी। खेमका हत्याकांड में जो एनकाउंटर हुआ वो गलत बच्चे का हुआ। हमें वो गवाही मिल गई है। बच्चों को 4 बजे निकालकर गोली मारी गई। मैं हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक जाऊंगा और केस लड़ूंगा... NEET की बच्ची की लड़ाई मैं रुकने नहीं दूंगा। जिन लोगों ने भी हमारा समर्थन किया मैं उनका ऋणी हूं... मुझे मरवाने की भी कोशिश हुई।
जेल से रिहा होने के बाद पप्पू यादव ने कहा कि वे फुलवारी शरीफ में संदिग्ध परिस्थितियों में जान गंवाने वाली बच्ची के परिजनों से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि सच बोलने की वजह से उनके साथ गलत किया गया है। पप्पू यादव ने कहा, “अगर सच कहने पर हमारे साथ ऐसा व्यवहार होगा, तो यह सोचने पर मजबूर करता है कि कितना सच बोलना चाहिए और कितना नहीं।”
नीट मामले में लगातार आवाज उठाता रहुंगा
उन्होंने साफ किया कि नीट मामले में वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे और पीछे नहीं हटेंगे। इसके साथ ही उन्होंने रूपेश हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में उनके पास अहम सबूत मौजूद हैं, जो उन्हें मिले हैं। खेमका हत्याकांड को लेकर भी पप्पू यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में भी कई महत्वपूर्ण सबूत सामने आए हैं और जिन लोगों का एनकाउंटर किया गया, वह गलत था। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भी वे अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
पप्पू यादव को तीन मामलों में मिली जमानत
इससे पहले, दिन में पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पटना के तीन मामलों में जमानत मिल गई है। पटना सिविल कोर्ट द्वारा जिन मामलों में उनका रिमांड लिया गया था, उन सभी में अदालत ने जमानत मंजूर कर ली है। पप्पू यादव के वकील शिवनंदन भारती ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि उन्हें सभी संबंधित मामलों में राहत मिल चुकी है।
