Covid 19 Latest News: चीन में कोरोना (Corona) विस्फोट के बाद, देश में कोरोना की नई लहर के खतरे को देखते हुए आज सभी सरकारी अस्पतालों मॉकड्रिल (Mock drills) होगी। इसमें कोविड वाले सभी प्राइवेट अस्पताल भी शामिल होंगे। मॉकड्रिल का मकसद अस्पतालों में ऑक्सीजन (Oxygen), वेंटिलेटर (Ventilator) और बेड्स की उपलब्धता का पता लगाना है। ताकि अगर देश में कोरोना की नई लहर आए तो उसपर आसानी से काबू किया जा सके। मॉक ड्रिल में डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिक्स शामिल होंगे। इसके साथ ही आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, फ्रंटलाइन कार्यकर्ता भी ड्रिल में हिस्सा लेंगे। आज होने वाली मॉकड्रिल में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया समेत सभी राज्यों के हेल्थ मिनिस्टर भी शामिल होंगे। केंद्र सरकार पहले ही राज्य सरकारों को कोरोना से जंग के लिए सभी बुनियादी तैयारियों को पुख्ता करने के निर्देश दे चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्री जाएंगे सफदरजंग
मॉक ड्रिल की निगरानी के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया सुबह 9:45 बजे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल जाएंगे। मंडाविया ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के डॉक्टरों के साथ एक बैठक में कहा, 'इस तरह के अभ्यास हमारी परिचालन तत्परता में मदद करेंगे, यदि कोई कमी है तो उसे भरने में मदद मिलेगी और इसके परिणामस्वरूप हमारी सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रतिक्रिया मजबूत होगी।'
सिसोदिया का बयान
यह COVID-19 प्रबंधन पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य पेशेवरों, गंभीर मामलों के लिए वेंटीलेटर प्रबंधन प्रोटोकॉल में प्रशिक्षित स्वास्थ्य पेशेवरों और चिकित्सा ऑक्सीजन संयंत्रों के संचालन में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों के संदर्भ में मानव संसाधन क्षमता पर भी ध्यान केंद्रित करेगा। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक बयान में कहा, 'विश्व स्तर पर कोविड मामलों में उछाल सभी के लिए चिंता का विषय है। दिल्ली के अस्पतालों को पहले से अच्छी तैयारी करने और सतर्क रहने के लिए कहा गया है।'
चीन में कहर बरपा रहा है कोरोना
वहीं चीन में कोरोना का तांडव थम नहीं रहा। कोरोना संक्रमितों की मौत के आंकड़े हर दिन बढ़ रहे हैं। चीन मौतों के ये आंकड़े जारी तो नहीं कर रहा लेकिन चीनी शहरों के अस्पतालों की मोर्चरी और क्रिमेटोरियम से जो तस्वीरें आ रही हैं वो बहुत डरावनी हैं। इन्हीं डरावनी तस्वीरों पर पर्दा डालने के लिए..मातम मना रही चीनी जनता का ध्यान हटाने के लिए राष्ट्रपति शी जिनपिंग अब ताइवान को हड़पने की कोशिश में जुट गए हैं। इसी कोशिश में जिनपिंग की सेना ने ताइवान में 71 लड़ाकू विमानों के साथ ना सिर्फ घुसपैठ की..बल्कि 24 घंटे तक युद्धाभ्यास कर जंग की दहलीज तक भी पहुंची।
