MK Stalin: तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने महिलाओं को लुभाते हुए उनके खाते में 5000 रुपए हस्तांतरित किए हैं। स्टालिन ने शुक्रवार को कहा कि कलैगनार वुमेन्स राइट्स योजना के तहत महिला लाभार्थियों के बैंक खाते में अतिरिक्त 2000 रुपए (समर स्पेशल पैकेज) साथ 3000 रुपए जमा करा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह राज्य में 1.31 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते में 5000 रुपए जमा किए गए हैं। बता दें कि डीएमके सरकार का कार्यकाल इस साल मई में समाप्त हो रहा है। चुनावी जीत में महिलाओं की भूमिका को देखते हुए स्टालिन भी इस वर्ग को अपने साथ जोड़कर रखना चाहते हैं।
पैसे ट्रांसफर करने की जानकारी X पर दी
इस योजना के बारे में जानाकारी देते हुए स्टालिन ने X पर कहा, 'तमिलनाडु की महिलाओं के लिए, यह 'विमेंस राइट्स ग्रांट' स्टालिन का दिया हुआ वादा है। कोई भी रुकावट डालने की कोशिश करे, मैं इससे पीछे नहीं हटूंगा। चुनाव का बहाना बनाकर, वे विमेंस राइट्स ग्रांट को तीन महीने के लिए रोकने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हमारी द्रविड़ मॉडल सरकार ने उनसे पहले काम किया है! फरवरी, मार्च और अप्रैल महीनों के लिए एडवांस के तौर पर 3000 रुपये और 2000 रुपये का समर स्पेशल पैकेज। कलैगनार विमेंस राइट्स स्कीम की सभी 1.31 करोड़ लाभार्थियों के खाते में आज सुबह कुल 5,000 रुपये भेजे गए हैं। द्रविड़ मॉडल 2.0 के तहत, हम 1,000 रुपये विमेंस राइट्स ग्रांट को बढ़ाकर 2,000 रुपये कर देंगे। यह वादा है करुणानिधि स्टालिन अपनी बहनों से कर रहे हैं।'
'काम के जरिये दिया गया जवाब ’
इससे पहले स्टालिन ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य की आर्थिक वृद्धि दर 11.19 प्रतिशत के साथ राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक रही है। उन्होंने कहा, 'आज तमिलनाडु की आर्थिक वृद्धि राष्ट्रीय औसत से अधिक 11.19 प्रतिशत है। स्पष्ट रूप से कहें तो पिछले साल भारत के विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि 4.5 प्रतिशत रही जबकि तमिलनाडु की वृद्धि इससे तीन गुना 14.7 प्रतिशत रही।’'कन्वर्जन कॉन्क्लेव 2026' को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा कि यह द्रविड़ मॉडल शासन की आलोचना करने वालों को उनके 'काम के जरिये दिया गया जवाब ’है। यह शिखर सम्मेलन निवेश समझौतों को क्रियान्वित परियोजनाओं में बदलने की प्रक्रिया को दर्शाने की एक अनूठी पहल है।
स्टालिन ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
उन्होंने कहा, 'केवल इस सम्मेलन में ही हम 52 कंपनियों के उद्घाटन, 71 कंपनियों के शिलान्यास और दो नई कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) के जरिये उपलब्धियों का उत्सव मना रहे हैं।’ मुख्यमंत्री ने राज्य की औद्योगिक क्षमता का उल्लेख किया और बदलाव लाने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक बार एमओयू पर हस्ताक्षर हो जाने के बाद, उसकी प्रगति पर समर्पित ’डैशबोर्ड’ के जरिये नजर रखी जाती है। स्टालिन के साथ कार्यक्रम में उद्योग मंत्री टी. आर. बी. राजा भी मौजूद रहे। उन्होंने कागजों पर हस्ताक्षर से वास्तविक परिणाम तक सरकार के बदलाव का विस्तार से उल्लेख किया और कहा कि यह सम्मेलन तमिलनाडु द्वारा अपनाई गई 'इंक टू इम्पैक्ट’सोच का उत्सव है।
