देश

नए साल के पहले दिन गुजरात के कच्छ में आए भूकंप के झटके, जानमाल का नुकसान नहीं

गांधीनगर स्थित आईएसआर के अनुसार, भूकंप सुबह 10.24 बजे दर्ज किया गया, जिसका केंद्र भचाऊ से 23 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पूर्व में स्थित था।

Image

कच्छ में भूकंप के झटके

Photo : iStock

Tremor Felt in Gujarat's Kutch: नए साल 2025 के पहले दिन बुधवार सुबह गुजरात के कच्छ जिले में 3.2 तीव्रता का झटका आया। भूकंप विज्ञान अनुसंधान संस्थान (ISR) ने यह जानकारी दी। आईएसआर ने कहा कि बुधवार सुबह गुजरात के कच्छ जिले में 3.2 तीव्रता का झटका आया। जिला प्रशासन ने कहा कि किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।

गांधीनगर स्थित आईएसआर के अनुसार, भूकंप सुबह 10.24 बजे दर्ज किया गया, जिसका केंद्र भचाऊ से 23 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पूर्व में स्थित था। पिछले महीने, इस क्षेत्र में 3 से अधिक तीव्रता की चार भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गईं, जिसमें तीन दिन पहले आया 3.2 तीव्रता का भूकंप भी शामिल था, जिसका केंद्र भी भचाऊ के करीब था।

आईएसआर के अनुसार, 23 दिसंबर को जिले में 3.7 तीव्रता का और 7 दिसंबर को 3.2 तीव्रता का झटका आया था। पिछले साल 18 नवंबर को कच्छ में 4 तीव्रता का भूकंप आया था। आईएसआर डेटा के मुताबिक, इससे पहले 15 नवंबर को उत्तरी गुजरात के पाटन में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था। गुजरात एक उच्च भूकंप-जोखिम वाला क्षेत्र है।

गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (GSDMA) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 200 वर्षों में यहां नौ बड़े भूकंप आए। जीएसडीएमए के अनुसार, 26 जनवरी 2001 को कच्छ में आया भूकंप पिछली दो शताब्दियों में भारत में तीसरा सबसे बड़ा और दूसरा सबसे विनाशकारी भूकंप था। भूकंप में जिले के बड़ी संख्या में शहर और गांव लगभग पूरी तरह नष्ट हो गए थे, जिसमें लगभग 13,800 लोग मारे गए और 1.67 लाख अन्य घायल हो गए थे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article