Narendra Modi Mann ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि यह पर्वों का मौसम हैं। लोग त्यौहारों आनंद लें, पर इस दौरान सतर्क भी रहें। ऐसा इसलिए, क्योंकि दुनिया के देशों में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस फिर से बढ़ रही है। उन्होंने आगे आगाह करते हुए कहा कि देशवासी इस दौरान कोरोना संबंधी सावधानी बरतते रहें। वे मास्क का इस्तेमाल करें और समय समय पर हाथ धुलते रहें। हम सावधान रहेंगे तो सुरक्षित भी रहेंगे।
ये बातें उन्होंने रविवार (25 दिसंबर, 2022) को इस साल के अपने आखिरी रेडियो कार्यक्रम मन की बात के दौरान कहीं। सुनिए, साल 2022 की आखिरी पीएम मोदी की 'मन की बात':
वह यह भी बोले- अतीत का अवलोकन तो हमेशा हमें वर्तमान और भविष्य की तैयारियों की प्रेरणा देता है। 2022 में देश के लोगों का सामर्थ्य, उनका सहयोग, उनका संकल्प, उनकी सफलता का विस्तार इतना ज्यादा रहा कि ‘मन की बात’ में सभी को समेटना मुश्किल होगा।" उनके मुताबिक, "2022 में देशवासियों ने एक और अमर इतिहास लिखा है। अगस्त के महीने में चला ‘हर घर तिरंगा’ अभियान भला कौन भूल सकता है। वो पल थे हर देशवासी के रौंगटे खड़े हो जाते थे। आजादी के 75 वर्ष के इस अभियान में पूरा देश तिरंगामय हो गया।"
उन्होंने कहा- साल 2022 कई मायनों में प्रेरक और अद्भुत रहा। इस साल भारत ने आज़ादी के 75 साल पूरे किए और इसी साल अमृत काल का प्रारंभ हुआ। आजादी के 75 साल के इस अभियान में पूरा देश तिरंगामय हो गया। छह करोड़ से ज़्यादा लोगों ने तिरंगे के साथ सेल्फी भी भेजी। इस साल भारत को G20 समूह की अध्यक्षता की ज़िम्मेदारी भी मिली है। साल 2023 को G20 के उत्साह को नई ऊंचाई पर लेकर जाना है।
