CJP Protest: नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लगातार विपक्षी दलों का समर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में अब तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी का नाम भी शामिल हो गया। हालांकि, सीजेपी के मंच पर लगातार टीएमसी नेताओं का आना जाना लगा हुआ है। शुक्रवार को भी टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी और महुत्रा मोइत्रा ने जंतर-मंतर पर छात्रों को संबोधित किया।
ममता बनर्जी CJP के प्रदर्शन में कब होंगी शामिल?
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी सोमवार को सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि ममता बनर्जी छात्रों के साथ अपनी एकजुटता दिखाने के लिए विरोध स्थल का दौरा करेंगी।
इससे पहले सप्ताह की शुरुआत में ममता बनर्जी ने दिल्ली में सीजेपी के 20 जुलाई को 'संसद चलो' मार्च के दौरान छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था और दावा किया था कि प्रदर्शनकारियों के संसद की ओर बढ़ने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना काफिला मोड़कर चले गए थे।
टीएमसी की 21 जुलाई शहीद दिवस रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा था कि जरूरत पड़ी तो वह भी आंदोलन में शामिल होने दिल्ली जाएंगी। टीएमसी उन विपक्षी दलों में शामिल थी, जिन्होंने सीजेपी के गठन के बाद उसका समर्थन किया था। पार्टी सांसदों कीर्ति आजाद और महुआ मोइत्रा ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपना समर्थन जताया था।
