देशभर में रेलवे सुरक्षा (train security) को और मजबूत बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। हाल के दिनों में रेलवे परिसरों और ट्रेनों से जुड़ी कुछ घटनाओं के बाद रेल मंत्रालय पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सतर्क और जागरूक रहें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें।
रेल मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक नई दिल्ली स्थित रेल भवन में गुरुवार को एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) ने की। इस दौरान रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, रवनीत सिंह बिट्टू तथा रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
AI, ड्रोन और आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी निगरानी
बैठक में रेलवे सुरक्षा को तकनीक आधारित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। रेलवे अब ट्रेनों, स्टेशन परिसरों और पूरे रेल नेटवर्क की निगरानी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI),ड्रोन, आधुनिक CCTV कैमरे और स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम का व्यापक उपयोग करेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मिशन मोड में मजबूत किया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बीट स्तर पर इंटेलिजेंस जुटाने के लिए नई तकनीकों से लैस किया जा रहा है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पहचान हो सके।
हालिया घटनाओं के बाद बढ़ी चिंता
बैठक में यह भी सामने आया कि हाल के दिनों में हुई कुछ घटनाओं और आग लगने के मामलों की शुरुआती जांच में असामाजिक तत्वों की भूमिका सामने आई है। रेलवे ने इन घटनाओं को बेहद गंभीरता से लिया है और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) सक्रिय रूप से जांच कर रहा है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक कई मामलों में समय रहते रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता से बड़े हादसों को टाल दिया गया।
यात्रियों से सहयोग की अपील
रेल मंत्रालय ने साफ कहा है कि रेलवे सुरक्षा केवल सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं बल्कि यात्रियों की सतर्कता भी बेहद जरूरी है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या असामान्य गतिविधि को नजरअंदाज न करें। ऐसी किसी भी जानकारी को तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर साझा करने को कहा गया है ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
साइबर सुरक्षा और CCTV नेटवर्क पर फोकस
बैठक में रेलवे नेटवर्क की साइबर सुरक्षा को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में CCTV कवरेज को तेजी से बढ़ाने, कैमरों की गुणवत्ता सुधारने और AI आधारित निगरानी प्रणाली लागू करने पर सहमति बनी। इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और Government Railway Police (GRP) के बीच बेहतर तालमेल और सूचना साझा करने की व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
रेलवे का संदेश : सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
भारतीय रेलवे ने साफ संदेश दिया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे प्रशासन आधुनिक तकनीक और सुरक्षा तंत्र को लगातार मजबूत कर रहा है, लेकिन यात्रियों की जागरूकता और सहयोग भी उतना ही जरूरी है।
रेलवे हेल्पलाइन नंबर : 139
किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या लावारिस सामान की तुरंत सूचना दें।
