Tomato Gift: देश में टमाटर की बढ़ती कीमत के बीच महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक महिला को जन्मदिन पर तोहफे में चार किलोग्राम से अधिक टमाटर मिले हैं। टमाटर जो कुछ दिन पहले 20 रुपये प्रति किलोग्राम मिल रहा था अब 140 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहा है जिसकी वजह से आम आदमी के लिए टमाटर खरीदना मुश्किल हो रहा है।
चार किलो टमाटर मिले
कल्याण के कोछाडी में रहने वाली सोनल बोरसे को रविवार को जन्मदिन पर रिश्तेदारों ने चार किलोग्राम से अधिक टमाटर तोहफे में दिए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि महिला केक काट रही है और बगल में टमाटर से भरी एक टोकरी रखी है। संवाददाताओं से बात करते हुए बोरसे ने कहा कि वह अपने भाई, चाचा और चाची से मिले तोहफे से बहुत खुश हैं। मुंबई में नासिक, जुन्नार और पुणे से टमाटरों की आपूर्ति की जाती है। हालांकि, टमाटर किसानों को बेमौसमी बारिश और बिपरजॉय तूफान से नुकसान का सामना करना है।
बता दें कि देशभर में टमाटर के दाम आसमान पर पहुंच गए हैं। दिल्ली सहित अधिकतर राज्यों 140 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। लगातार हो रही बारिश ने आग में घी का काम किया है और टमाटर की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसके अलावा बारिश के कारण टमाटर की फसल भी खराब हुई है जिसके चलते इसके दाम आसमान पर पहुंच गए हैं। (Bhasha Input)
