Maharashtra Minister: महाराष्ट्र में सरकार बन चुकी है, लेकिन मंत्रियों को लेकर अभी भी फैसला नहीं हुआ है। कौन पुराना मंत्री फिर से मंत्री बनेगा, कौन सा मंत्रालय मिलेगा, इसकी अटकलें जारी हैं। अब जो खबर सामने आ रही है, उससे शिवसेना की रणनीति इस मामले पर साफ हो रही है। सूत्रों की मानें तो शिवसेना के कोटे से वही नेता मंत्री बनेगा, जिसकी रिपोर्ट कार्ड अच्छी होगी, इसकी लिस्ट भी तैयार हो चुकी है।
मंत्रियों की रिपोर्ट कार्ड में क्या
मिली जानकारी के अनुसार शिवसेना ने राज्य मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए शिवसेना के पूर्व मंत्रियों और संभावित मंत्रियों के पद के इच्छुक विधायकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया है। सूत्रों की माने तो शिवसेना की पूर्व मंत्री संजय राठौड़ और अब्दुल सत्तार का रिपोर्ट कार्ड अच्छा नहीं है। इस बार शायद ये मंत्रीमंडल में शामिल न हो पाएं। हालांकि इसपर फाइनल फैसला आना बाकी है।
शिवसेना से कौन-कौन बन सकता है मंत्री
एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना से कई नेता मंत्रीपद की दौड़ में आगे चल रहे हैं। शिवसेना के रिपोर्ट कार्ड में मंत्री पद की चाहत रखने वाले 5 विधायक पास हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार भरत गोगवले, संजय शिरसाट, प्रताप सरनाईक,अर्जुन खोतकर और विजय शिवतारे शिवसेना के मंत्री पद के दावेदारों में सबसे आगे हैं। महायुति में शिवसेना को 13 मंत्री पद मिलेंगे। इनमें से 10 से 12 मंत्री इसी सप्ताह शपथ ले सकते हैं।
