Maharashtra Local Body Polls: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में ‘महायुति’ की सफलता भाजपा संगठन और सरकार के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा, “यह संगठन और सरकार दोनों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। हमने विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा। मैंने सकारात्मक विकास एजेंडे पर आधारित अभियान का नेतृत्व किया और मैंने कभी किसी राजनीतिक नेता या पार्टी की आलोचना नहीं की।”
फडणवीस ने कहा कि उन्होंने विकास एजेंडा, अब तक किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं के आधार पर वोट मांगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक बार फिर चुनाव में "सबसे बड़ी" पार्टी बनकर उभरी है। महाराष्ट्र की 286 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सदस्यों के पदों के लिए हुए चुनावों की मतगणना रविवार सुबह 10 बजे शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में भाजपा, अजित पवार की राकांपा और शिंदे की शिवसेना के ‘महायुति’ गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, “48 प्रतिशत सदस्य भाजपा के चुनाव चिह्न पर निर्वाचित हुए हैं। कुल 129 भाजपा उम्मीदवार नगर परिषद अध्यक्ष चुने गए हैं। 75 प्रतिशत स्थानीय निकायों में महायुति के उम्मीदवार अध्यक्ष चुने गए हैं।” समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री फडणवीस ने महायुति सहयोगी दलों के नेताओं एकनाथ शिंदे और अजित पवार को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि महायुति का प्रदर्शन विधानसभा चुनावों जैसा ही रहा है।
उन्होंने इन चुनावों के सफल आयोजन के लिए रविंद्र चव्हाण के नेतृत्व की सराहना की। साथ ही पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बावनकुले, मंत्रिमंडल के सहयोगियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत को भी सराहा। उन्होंने कहा, ''संगठन और सरकार के बीच बेहतरीन तालमेल रहा, और इसी वजह से यह बड़ी जीत हासिल हुई।'' मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यह जीत 2017 से भी बड़ी है और महाराष्ट्र में पिछले 30–35 वर्षों में ऐसी जीत नहीं देखी गई।
'यह निगम चुनावों का ट्रेलर'
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को दावा किया कि स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम 15 जनवरी को होने वाले नगर निगम चुनावों का 'ट्रेलर' हैं। उन्होंने शिवसेना की जीत की सराहना करते हुए कहा कि ये परिणाम उनकी पार्टी द्वारा किए गए अच्छे काम का प्रमाण हैं।उन्होंने ठाणे में कहा, "परिणाम जनता की राजनीति से ऊपर विकास को प्राथमिकता देने की प्रवृत्ति को दर्शाते हैं। चुनावों में महायुति की शानदार जीत महज एक ट्रेलर है। महायुति आगामी नगर निगम चुनावों में भी यही प्रदर्शन दोहराएगा।"
