महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सली और पुलिस की बीच बड़ा एनकाउंटर हुआ है। इस एनकाउंटर में तीन नक्सली मारे गए हैं। नक्सल ऑपरेशन के दौरान एक जवान भी शहीद हो गया है। अब तक कुल तीन माओवादी शव (दो पुरुष और एक महिला) बरामद हुए हैं, साथ ही एक AK-47 और एक SLR भी जब्त की गई है। तीनों माओवादियों की पहचान अभी स्थापित नहीं हो पाई है।
नक्सलियों का कैंप हुआ ध्वस्त
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह मुठभेड़ गढ़चिरौली के घने जंगलों में हुई, जहां नक्सलियों का एक बड़ा कैंप सक्रिय होने की सूचना थी। खुफिया जानकारी के आधार पर C-60 कमांडो ने इलाके में सर्च और कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभाला। कई घंटे चली मुठभेड़ के बाद नक्सलियों का कैंप पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
एक जवान शहीद
सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान इलाके से दो और माओवादी शव बरामद किए गए, जिनमें एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं। इससे पहले एक शव मिल चुका था। इस ऑपरेशन में C-60 कमांडो दीपक चिन्ना मडावी (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वे आहेरि के निवासी और तालुका आहेरि के मंद्रा, दामरांचा गांव के स्थायी निवासी थे। उन्हें तड़के अबूझमाड़ के जंगल से एयरलिफ्ट कर भामरागढ़ के उप-जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया और वीरगति को प्राप्त हुए। उनकी शहादत से पुलिस बल और इलाके में शोक की लहर है।
एक जवान घायल
वहीं, एक अन्य C-60 जवान जोगा मडावी, निवासी किश्त्यापल्ली, को रात के समय गोली लगने से चोट आई थी। उन्हें भी सुरक्षित बाहर निकालकर एयरलिफ्ट किया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और जल्द ही उन्हें आगे के इलाज के लिए गढ़चिरौली ले जाया जाएगा।
नक्सल ऑपरेशन जारी
फिलहाल पूरे इलाके में ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बल सघन सर्च अभियान चला रहे हैं। पुलिस का कहना है कि नक्सलियों की मौजूदगी को पूरी तरह खत्म करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। आगे की विस्तृत जानकारी गढ़चिरौली पुलिस द्वारा साझा की जाएगी।
