शहर

नक्सल मुक्त हो रहा छत्तीसगढ़! बीजापुर में 1.41 करोड़ का ईनामी नक्सली समेत 52 नक्सलियों ने किया सरेंडर

Naxal Surrender: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार को 52 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने बताया कि 52 नक्सलियों में 1.41 करोड़ रुपये का एक इनामी नक्सली भी शामिल है जिसने सरेंडर किया है।

Image

नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी (फाइल फोटो)

Naxal Surrender: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार को 52 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने बताया कि 52 नक्सलियों में 1.41 करोड़ रुपये का एक इनामी नक्सली भी शामिल है जिसने सरेंडर किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में 21 महिलाएं भी शामिल हैं, माओवादियों की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC), आंध्र-ओडिशा बॉर्डर डिविजन और भामरागढ़ एरिया कमेटी (महाराष्ट्र) में सक्रिय थे। बीजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि नक्सलियों ने 'पूना मारगेम: पुनर्वास से पुनर्जीवन' पहल के तहत यहां वरिष्ठ पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण किया।

यादव ने बताया कि नक्सली राज्य सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति से भी प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से डिविजनल कमेटी सदस्य लक्खू कारम उर्फ अनिल (32) तथा प्लाटून पार्टी कमेटी सदस्य लक्ष्मी माडवी (28) और चिन्नी सोढ़ी उर्फ शांति (28) पर आठ-आठ लाख रुपये का इनाम था।

अधिकारियों ने बताया कि 13 अन्य नक्सलियों पर पांच-पांच लाख रुपये, 19 कैडर पर दो-दो लाख रुपये और 14 कैडर पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। उन्होंने बताया कि 52 में से 49 नक्सलियों पर कुल 1.41 करोड़ रुपये का इनाम था। अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को तत्काल 50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी और सरकार की नीति के मुताबिक उनका पुनर्वास किया जाएगा।

सुकमा में 29 नक्सलियों ने डाले थे हथियार

इससे पहले, सुकमा जिले में दो लाख रुपये के एक इनामी नक्सली समेत 29 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने अपने हथियार डाले थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि जिले के गोगुंडा क्षेत्र के अंतर्गत केरलापाल एरिया कमेटी में सक्रिय 29 नक्सलियों ने बुधवार को सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने बताया था कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से गोगुंडा पंचायत में दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन के अध्यक्ष पोड़ियाम बुधरा के सर पर दो लाख रूपये इनाम है।

सनद रहे कि आठ जनवरी को पड़ोसी दंतेवाड़ा जिले में 63 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। वहीं, सात जनवरी को सुकमा में 26 नक्सली हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हो गए थे। साल 2025 में राज्य में 1,500 से ज्यादा नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था।

केंद्र सरकार ने इस वर्ष 31 मार्च तक देश से नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प लिया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article