देश

महाराष्ट्र में ECI का सर्च ऑपरेशन जारी, अब CM एकनाथ शिंद का हेलिकॉप्टर हुआ चेक

Maharashtra : महाराष्ट्र में चुनावी दौरे पर निकले नेताओं के सामानों की जांच जारी है। चुनाव आयोग ने बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हेलिकॉप्टर की जांच की।

Image

महाराष्ट्र के सीएम शिंदे के हेलिकॉप्टर की जांच।

Maharashtra : महाराष्ट्र में चुनावी दौरे पर निकले नेताओं के सामानों की जांच जारी है। चुनाव आयोग ने बुधवार को पालघर में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हेलिकॉप्टर की जांच की। शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे के बैग की जांच होने के बाद महाराष्ट्र में राजनीति गरमाई हुई है। उद्धव के बाद डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बैग की भी जांच ईसीआई ने की है। उद्धव के सामानों की जांच होने पर यूबीटी ने सवाल खड़े किए थे।

तलाशी में कुछ नहीं मिला

शिंदे अपने प्रत्याशी का चुनाव प्रचार करने पालघर पहुंचे थे। सीएम का हेलिकॉप्टर जब रनवे पर उतरा तो वहां पहले से मौजूद चुनाव आयोग के अधिकारी उन तक पहुंचे और हेलिकॉप्टर की तलाशी लेनी शुरू की। हालांकि इस तलाशी में कुछ नहीं मिला। इस दौरान सीएम ईसी कर्मियों बातचीत करते दिखे।

क्या पीएम, शाह के बैग चेक हुए-उद्धव

उद्धव ठाकरे का दावा है कि ईसी के अधिकारी उनका बैग दो बार यवतमाल और लातूर में चेक कर चुके हैं। उद्धव का आरोप है कि ऐसा विपक्ष के नेताओं को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। उद्धव ने पूछा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जब महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार करने आए थे तो क्या उनके भी बैग चेक हुए?

हमारे बैग की भी जांच हुई-फड़णवीस

उद्धव ठाकरे के आरोपों का जवाब देते हुए डिप्टी सीएम फडणवीस ने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे चुनाव अधिकारियों द्वारा उनके ‘बैग’ की जांच किए जाने का अनावश्यक रूप से विरोध कर ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं और ‘यह और कुछ नहीं केवल वोट मांगने की उनकी तिकड़म है।’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा कि ‘बैग’ की जांच में क्या गलत है? विधानसभा चुनाव के लिए फडणवीस ने मंगलवार को ठाणे जिले के कल्याण पूर्व में सत्तारूढ़ महायुति की उम्मीदवार सुलभा गणपत गायकवाड़ के लिए प्रचार करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा ‘ठाकरे की हताशा दिख रही है। ‘बैग’ की जांच में क्या गलत है? प्रचार के दौरान हमारे ‘बैग’ की भी जांच की गई और इसमें इतना हताश होने की कोई जरूरत नहीं है।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article