Rahul Gandhi News: पुणे की एक विशेष अदालत में बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ चल रहे आपराधिक मानहानि मामले में उनके वकील ने लिखित बयान दाखिल कर उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई है। यह मुकदमा विनायक सावरकर पर राहुल गांधी की कथित अपमानजनक टिप्पणी से जुड़ा हुआ है।
राहुल गांधी की तरफ से वकील मिलिंद पवार ने कोर्ट में बताया कि भाजपा नेता बिट्टू ने उन्हें आतंकवादी तो दूसरे भाजपा नेता तरविंदर मारवाह ने खुले तौर पर धमकी दे दी कि अगर राहुल गांधी ठीक से व्यवहार नहीं करेंगे तो उनका हाल उनकी दादी जैसा हो सकता है।
कोर्ट में ये भी कहा गया कि इस मामले के शिकायतकर्ता सत्याकी का सावरकर और गोडसे परिवार से पारिवारिक संबंध है और वह अपने प्रभाव का दुरुपयोग कर सकते हैं। वकील के अनुसार शिकायतकर्ता की पारिवारिक पृष्ठभूमि हिंसक और असंवैधानिक प्रवृत्तियों से जुड़ी रही है।
'शिकायतकर्ता अदालत पर असर डालने की कोशिश कर सकते हैं'
ऐसे में मौजूदा राजनीतिक माहौल में राहुल गांधी को नुकसान पहुंचने, गलत तरीके से फंसाए जाने या किसी भी तरीके से निशाना बनाए जाने की आशंका है। वकील ने दावा किया कि मौजूदा राजनीतिक माहौल का फायदा उठाकर शिकायतकर्ता अदालत पर असर डालने की कोशिश कर सकते हैं।
