देश

लोकसभा में शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा पर चर्चा, पूरे देश के लिए बताया गौरव का क्षण

नासा के एक्सिओम-4 (एएक्स-4) अंतरिक्ष मिशन को पूरा करने के बाद 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे शुक्ला रविवार तड़के दिल्ली पहुंचे थे। यहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

Image

लोकसभा में शुभांशु शुक्ला और अंतरिक्ष अभियान पर चर्चा(AP)

Lok Sabha Discussion On Shubhanshu Shukla Sojourn: लोकसभा में शुभांशु शुक्ला की सफल अंतरिक्ष यात्रा पर चर्चा हुई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा और सुरक्षित वापसी न केवल एक सफल मिशन है, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। वहीं, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि हर बच्चा शुभांशु शुक्ला जैसा अंतरिक्ष यात्री बनने का सपना देखता है, पूरा देश उनकी अंतरिक्ष यात्रा का जश्न मना रहा है। हालांकि, अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री पर विशेष चर्चा एसआईआर मुद्दे पर विपक्ष के विरोध के कारण पूरी नहीं हो सकी।

एक्सिओम-4 अंतरिक्ष मिशन पूरा करके लौटे शुक्ला

नासा के एक्सिओम-4 अंतरिक्ष मिशन को पूरा करने के बाद 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे शुक्ला रविवार तड़के दिल्ली पहुंचे थे। दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा उनकी पत्नी और बेटे सहित उनके परिवार ने उनका स्वागत किया। शुक्ला नासा के एक्सिओम-4 अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा थे, जो 25 जून को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से रवाना हुआ था। वह 15 जुलाई को कैलिफ़ोर्निया के तट से उतरकर पृथ्वी पर वापस लौटे। शुक्ला 41 वर्षों में अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले पहले भारतीय बने।

जानकारी के अनुसार, शुभांशु के आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने और अपने गृहनगर लखनऊ जाने की उम्मीद है। 22-23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में भाग लेने के लिए उनके राजधानी लौटने की भी उम्मीद है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article