ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने का भारत का संदेश लेकर सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करेगा, जिनमें से चार प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व सत्तारूढ़ दलों के नेता, जबकि तीन की अगुवाई विपक्षी दलों के नेता करेंगे। सरकार ने प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व करने के लिए जिन नेताओं का चयन किया है, उनमें सत्तारूढ़ दल भाजपा के रविशंकर प्रसाद और बैजयंत पांडा, शिवसेना के श्रीकांत शिंदे और जनता दल (यूनाइटेड) के संजय झा शामिल हैं तथा विपक्षी दलों से कांग्रेस के शशि थरूर, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की कनिमोई, राकांपा (एसपी) की सुप्रिया सुले शामिल हैं।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्वीट कर इन सातों टीमों की जानकारी और पूरी सूची शेयर की है। उन्होंने लिखा- "आतंकवाद के खिलाफ हमारे सामूहिक संकल्प को दर्शाते हुए, ऑपरेशन सिंदूर के तहत 7 सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही प्रमुख देशों का दौरा करेंगे। इस संयुक्त मोर्चे का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसदों और प्रतिनिधिमंडलों की सूची यहां दी गई है।"
1. भाजपा के बैजयंत पांडा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और अल्जीरिया का दौरा करेगा।

ग्रुप 1
2. भाजपा के रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, यूरोपीय संघ, इटली और डेनमार्क का दौरा करेगा।

ग्रुप 2
3. जेडीयू के संजय कुमार झा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल इंडोनेशिया, मलेशिया, कोरिया गणराज्य, जापान और सिंगापुर का दौरा करेगा।

ग्रुप 3
4. शिवसेना के श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल यूएई, लाइबेरिया, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, सिएरा लियोन का दौरा करेगा।

ग्रुप 4
5. कांग्रेस सांसद डॉ. शशि थरूर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल अमेरिका, पनामा, गुयाना, ब्राजील, कोलंबिया का दौरा करेगा।

ग्रुुप 5
6. डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया, लातविया, रूस का दौरा करेगा।

ग्रुप 6
7. एनसीपी-एससीपी सुप्रिया सुले के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल मिस्र, कतर, इथियोपिया, दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगा।

ग्रुप 7
पाकिस्तान को दुनिया भर बेनकाब करेगा भारत
इस व्यापक कूटनीतिक प्रयास का उद्देश्य विभिन्न देशों में पहलगाम हमले पर भारत के रुख को रेखांकित करना है। थरूर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह देश का दृष्टिकोण प्रस्तुत करने के लिए पांच प्रमुख देशों में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए सरकार के निमंत्रण से ‘‘सम्मानित’’ महसूस कर रहे हैं।
