फुटबॉल की दुनिया के बेताज बादशाह लियोनेल मेसी ने अपने GOAT इंडिया टूर के दूसरे चरण में हैदराबाद पहुंचे। यहां तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने ताज फलकनुमा पैलेस में उनका जोरदार स्वागत किया। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी यहां उनसे मुलाकात की। इस दौरान मेसी ने उन्हें अपनी टीम अर्जेंटीना की जर्सी भी भेंट की।
मेसी-मेसी की आवाजों से गूंजा राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम
इसके बाद हरे रंग की ‘क्रू-नेक हाफ स्लीव टी-शर्ट’,काली पैंट और स्पोर्ट्स शूज पहने मेसी ने जब राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में एंट्री ली तो फैंस बेहद उत्साही नजर आए। इस दौरान स्टेडियम से केवल मेसी-मेसी की ही आवाजें आ रही थीं। स्टेडियम में करीब एक घंटे के दौरान अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता कप्तान मेसी पूरी तरह सहज नजर आए। इस दौरान उन्होंने ट्रांसलेटर के जरिए फैंस का शुक्रिया भी किया। उन्होंने कहा कि आप सभी के प्यार और स्नेह के बीच हैदराबाद में आकर मुझे बेहद खुशी हो रही है।यहां मेसी ने अपने इंटर मियामी के साथियों लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डि पॉल के साथ ‘GOAT कप पेनल्टी शूटआउट’में भी हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने बच्चों के साथ फुटबॉल क्लिनिक भी आयोजित किया जिसके बाद वे स्टेडियम से रवाना हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी फुटबॉल किट में नजर आए। उन्होंने भी मेसी संग फुटबॉल में हाथ आजमाया। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मेसी ने दर्शकों संग भी खूब एन्जॉय किया। इस दौरान उन्होंने कई फुटबॉल को अपनी जोरदार किक से अपने फैंस के बीच भी पहुंचाया।

GOAT इंडिया टूर पर हैदराबाद पहुंचे लियोनेल मेसी।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी की मुलाकात
वहीं, कार्यक्रम के आखिर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी खिलाड़ियों और मुख्यमंत्री के साथ सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मेसी संग वार्ता भी की और फोटो खिंचवाई। जबकि मेसी ने उन्हें अपनी अर्जेंटीना टीम की जर्सी भेंट की। जबकि राहुल गांधी ने सुआरेज को स्मृति चिह्न दिया। राहुल गांधी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इसकी फोटो शेयर की हैं। वहीं, मेसी ने ‘7-ए-साइड’ प्रदर्शनी मैच की विजेता टीम ‘सिंगरेनी आरआर 9’(जो मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का प्रतिनिधित्व कर रही थी)को GOAT कप प्रदान किया।
सोमवार को पीएम मोदी से मिलेंगे मेसी
मेसी रविवार को GOAT इंडिया टूर 2025 के तीसरे चरण के लिए मुंबई पहुंचेंगे। इसके बाद सोमवार को वे नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के साथ अपने इंडिया टूर का समापन करेंगे।
