देश

Kolkata Doctor Case: सरकारी अस्पतालों में जारी रहेगी डॉक्टरों की हड़ताल,आज दिल्ली से लेकर गोवा होगा विरोध प्रदर्शन

Kolkata Doctor Case: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने बृहस्पतिवार को एलान किया कि वे 17 अगस्त को सुबह छह बजे से 24 घंटे के लिए देश भर में गैर-आपात सेवाएं बंद रखेंगे। वहीं जूनियर महिला रेजिडेंट डॉक्टर से सामूहिक दुष्कर्म व हत्या की घटना के विरोध में रेजिडेंट डाक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। इस वजह से शुक्रवार को भी एम्स, सफदरजंग, आरएमएल, लोकनायक, जीबी पंत सहित दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी को छोड़कर ओपीडी, नियमित सर्जरी व अन्य सभी चिकित्सा सुविधाएं प्रभावित रहेंगी।

Image

सरकारी अस्पतालों में जारी रहेगी डॉक्टरों की हड़ताल

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Kolkata Doctor Case: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर महिला रेजिडेंट डॉक्टर से सामूहिक दुष्कर्म व हत्या की घटना के विरोध में रेजिडेंट डाक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। इस वजह से शुक्रवार को भी एम्स, सफदरजंग, आरएमएल, लोकनायक, जीबी पंत सहित दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी को छोड़कर ओपीडी, नियमित सर्जरी व अन्य सभी चिकित्सा सुविधाएं प्रभावित रहेंगी।

वहीं कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक स्नातकोत्तर प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ बलात्कार और हत्या करने तथा उसके बाद भीड़ द्वारा घटनास्थल पर तोड़फोड़ करने के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने बृहस्पतिवार को एलान किया कि वे 17 अगस्त को सुबह छह बजे से 24 घंटे के लिए देश भर में गैर-आपात सेवाएं बंद रखेंगे।

आवश्यक सेवाएं रहेंगी जारी

चिकित्सा निकाय ने एक बयान में कहा कि आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी और आपातकालीन वार्ड में भी चिकित्सकीय कामकाज जारी रहेगा। आईएमए ने कहा कि बाह्य रोगी विभाग (OPD) में सेवाएं बंद रहेंगी और चुनिंदा सर्जरी नहीं की जाएगी। बयान में कहा गया कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुए जघन्य अपराध तथा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या (बुधवार रात) पर प्रदर्शनकारियों द्वारा की गई गुंडागर्दी के बाद भारतीय चिकित्सा संघ ने शनिवार 17 अगस्त को सुबह छह बजे से रविवार 18 अगस्त को सुबह छह बजे तक 24 घंटे के लिए एलोपैथी चिकित्सकों द्वारा देश भर में सेवाएं बंद रखने की घोषणा की है। इसने कहा कि चिकित्सक, विशेषकर महिलाएं, अपने पेशे की प्रकृति के कारण हिंसा के प्रति संवेदनशील होती हैं। अस्पतालों और परिसरों के अंदर चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अधिकारियों का काम है। आईएमए ने कोलकाता के अस्पताल में हुई तोड़फोड़ की भी निंदा की।

शीघ्र न्याय दिलाने की हो रही है मांग

वहीं कोलकाता में एक स्नातकोत्तर प्रशिक्षु चिकित्सक की बलात्कार के बाद हत्या कर दिये जाने के विरोध में तथा इस मामले में शीघ्र न्याय दिलाने की मांग के समर्थन में गोवा के निजी और सरकारी अस्पतालों के 1000 से अधिक डॉक्टर 17 अगस्त की सुबह से 24 घंटे के लिए बाह्य रोगी विभाग (OPD) में सेवाएं नहीं देंगे। बृहस्पतिवार को इसका ऐलान किय़ा गया। इसी बीच, ओडिशा के कटक जिले में सरकारी एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में छात्रों ने इस मुद्दे को लेकर काम का बहिष्कार किया जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। ‘इंडियन मेडिकल एसोसिएशन’ (आईएमए) की गोवा शाखा के अध्यक्ष डॉ. संदेश चोडानकर ने कहा कि राज्य के निजी और सरकारी अस्पतालों में 17 अगस्त को सुबह छह बजे से 18 अगस्त को सुबह छह बजे तक ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान 1000 से अधिक डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे तथा इस राज्यव्यापी विरोध में शामिल होने के लिए अस्पतालों के सहायक कर्मचारियों के साथ भी चर्चा की जा रही है।

चोडानकर ने कहा कि एसोसिएशन की गोवा इकाई ने अपने सभी सदस्यों से इस मुद्दे पर एकता और एकजुटता दिखाने के लिए इस राष्ट्रीय निकाय के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। कटक के सरकारी एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के परिसर में छात्र काले पट्टी पहनकर धरने पर बैठ गए, जिससे ओपीडी, ओटी और लैब सेवाएं प्रभावित हुईं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानून बनाने की उनकी मांग यदि 72 घंटे में नहीं मान ली जाती है तो वे आपातकालीन सेवाएं भी बंद कर देंगे।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article