केरल में UDF की 102 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भी कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर पेच फंस गया है। कांग्रेस की 63 सीटें मिली हैं और वीडी सतीशन, केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला के बीच मची रस्साकशी ने पार्टी आलाकमान की चिंता बढ़ा दी है। इस गतिरोध को खत्म करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व ने तीनों दिग्गजों समेत सन्नी जोसेफ को दिल्ली तलब किया है।
सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन और हाईकमान की उलझन
केरल की सड़कों पर माहौल गरमाया हुआ है। वीडी सतीशन के समर्थकों ने उनके पक्ष में होर्डिंग लगाकर मोर्चा खोल दिया है। वहीं, रिपोर्ट्स के अनुसार संगठन पर मजबूत पकड़ रखने वाले केसी वेणुगोपाल को अधिकांश नवनिर्वाचित विधायकों का समर्थन प्राप्त है, जिससे उनकी दावेदारी सबसे प्रबल मानी जा रही है। रमेश चेन्निथला की वरिष्ठता भी एक महत्वपूर्ण फैक्टर बनी हुई है।
पर्यवेक्षकों ने खरगे को सौंपी रिपोर्ट
AICC के पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक ने नवनिर्वाचित विधायकों के साथ आमने-सामने बात करने के बाद अपनी गोपनीय रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सौंप दी है। अजय माकन ने बताया, "विधायक दल ने एक लाइन का प्रस्ताव पारित कर नेतृत्व को नेता चुनने का अधिकार दिया है। हमने हर विधायक की राय को नोट किया है और अब अंतिम फैसला हाईकमान को करना है।"
वो 3 फॉर्मूले जिनसे निकलेगा समाधान
पार्टी के भीतर चर्चा है कि मुख्यमंत्री के चयन के लिए तीन बड़े फॉर्मूलों पर विचार किया जा रहा है:
विधायकों की गुप्त राय: जिस नेता के पास सबसे अधिक विधायकों का समर्थन होगा।
वरिष्ठता और अनुभव: इस आधार पर रमेश चेन्निथला की दावेदारी को तवज्जो मिल सकती है।
जनभावना और संगठन: वीडी सतीशन और केसी वेणुगोपाल के संगठनात्मक प्रभाव को आधार बनाना।
ऐसी संभावना जताई जा रही है कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे 10 मई तक अंतिम निर्णय ले सकते हैं।
केसी वेणुगोपाल का नाम सबसे आगे
वैसे इन सब के अलावा देखा जाए तो चौक चौराहों और मीडिया के गलियारों में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में के.सी. वेणुगोपाल का नाम चल रहा है। ऐसी खबर है कि ज्यादातर विधायकों का समर्थन उन्हें मिला है। पार्टी चाहती है कि मुख्यमंत्री के नाम पर जल्द निर्णय लिया जाए। यदि जरूरत पड़ी, तो अन्य दो दावेदारों से बातचीत कर उन्हें संतुष्ट करने की कोशिश की जाएगी।
मुकुल वासनिक की हाथ में फाइल पकड़े एक तस्वीर भी वायरल हुई जिसमें सूची दिख रही है। उसको लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं। उसमें सूची में शामिल अधिकांश नामों के आगे 'KC' लिखा गया था, जिसे के.सी. वेणुगोपाल के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। वहीं आई.सी. बालकृष्णन के नाम के सामने 'KC' और 'RC' दोनों इनिशियल्स दर्ज थे, जिसे राजनीतिक तौर पर के.सी. वेणुगोपाल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला दोनों का समर्थन माना जा रहा है। रविवार तक सब साफ हो जाने की संभावना है।
