Karnataka CM Post Conflict: कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलाव की अटकलें तेज हो गई है। पिछले दिनों उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के समर्थकों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की थी। इसके बाद शिवकुमार का 140 विधायकों वाला बयान सामने आया है। इस बीच, मुख्यमंत्री सिद्दारमैया शनिवार को बेंगलुरू में मल्लिकार्जुन खरगे से मिला। इस वीडियो का एक वीडियो भी सामने आया है।
सिद्दारमैया ने क्या कुछ कहा?
सिद्दारमैया ने खरगे के साथ मुलाकात के बाद मीडियाकर्मियों से बात की और कहा कि कैबिनेट के बारे में कोई चर्चा नहीं है। नेतृत्व में बदलाव का महज अंदाजा लगाया जा रहा है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सिद्दारमैया ने कहा, "हमने पार्टी ऑर्गनाइज़ेशन, लोकल बॉडी इलेक्शन और ज़िला पंचायत/तालुक पंचायत इलेक्शन के बारे में बात की। कैबिनेट के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई। नेतृत्व में बदलाव सिर्फ़ अंदाज़ा है, यह मीडिया की बनाई हुई बात है... विधायकों को जाने दीजिए, लेकिन आखिर में हाईकमान जो भी कहेगा, हम सभी को मानना होगा। चाहे मैं हूं या डीके शिवकुमार, सभी को मानना होगा।
क्या कार्यकाल पूरा कर पाएंगे सिद्दारमैया?
इससे पहले, शुक्रवार को सिद्दारमैया ने कहा था कि वह पद पर बने रहेंगे और आगामी राज्य बजट भी पेश करेंगे। कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि कम से कम 15 विधायक और करीब एक दर्जन विधान परिषद सदस्य नई दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं ताकि पार्टी नेतृत्व पर शिवकुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाने के लिए दबाव डाला जा सके। कुछ विधायकों और विधान पार्षदों के दिल्ली में डेरा डालने के सवाल पर सिद्दारमैया ने कहा था कि नेतृत्व परिवर्तन, मंत्रिमंडल फेरबदल या सरकार के पुनर्गठन पर फैसला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को करना है।
'मैं 140 विधायकों का अध्यक्ष'
कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के ढाई साल पूरे होने के साथ ही, राज्य में संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर पार्टी के भीतर अटकलें लगाई जा रही हैं।हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि वह पार्टी के भीतर गुटबाजी में यकीन नहीं रखते। उन्होंने कहा कि मेरा कोई गुट नहीं है। मैं किसी गुट का नेता नहीं हूं। मैं 140 (कांग्रेस) विधायकों का अध्यक्ष हूं। मेरे लिए, सभी 140 विधायक महत्वपूर्ण हैं। मुझे न तो किसी समूह को अपने साथ लेने में दिलचस्पी है और न ही मैं कोई समूह बनाना चाहता हूं। मैं ऐसा नहीं करूंगा। गुटबाजी करना मेरे खून में नहीं है।
कांग्रेस नेताओं को पार्टी की हिदायत
कांग्रेस ने कहा कि पार्टी ने राज्य में अपने नेताओं और विधायकों को नेतृत्व के मुद्दे पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं देने की सख्त हिदायत दी है। कांग्रेस महासचिव और पार्टी के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कुछ कांग्रेस नेताओं और विधायकों के अनावश्यक बयानों ने भी अटकलों को और बढ़ा दिया है। सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी ने उन्हें (नेताओं और विधायकों को) नेतृत्व के मुद्दे पर कोई भी सार्वजनिक बयान नहीं देने की हिदायत दी है और निहित स्वार्थ वाले तत्वों द्वारा प्रचारित एजेंडे में नहीं फंसने को कहा है।
कांग्रेस पर बरसी भाजपा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और उपमुख्यमंत्री शिवकुमार के बीच कथित खींचतान की खबरों के बीच शनिवार को दावा किया कि प्रशासन पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है और सत्तारूढ़ कांग्रेस के अंदर अंतर्कलह की वजह से कोई विकास कार्य नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि ‘अक्टूबर क्रांति’ और ‘नवंबर क्रांति’ के दावे कांग्रेस के मंत्री और विधायक ही कर रहे हैं।
