Rahul Gandhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्यसभा स्पीच पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को तंज कसा। संसद परिसर में मीडिया से मुखातिब राहुल ने कहा कि 'जो उचित समझो वही करो।' दरअसल, राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को राहुल गांधी का बगैर नाम लिए उन पर हमला बोला था। पीएम ने कहा कि 'एक सदस्य ऐसे हैं जो खुद को राजा समझते हैं। वह खुद तो राजा हैं लेकिन आर्थिक असमानता की बात करते हैं।'
वहीं, विपक्ष के सांसद संसद के मकर द्वार पर खड़े होकर सरकार का विरोध किया। उन्होंने अपने हाथों में 'जो उचित समझो वही करो' नारे लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। एक पोस्टर पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी की कार्टून तस्वीर थी। इस बैनर पर अंग्रेजी में 'TRAP DEAL' लिखा था।
मोदी सच्चाई से डर गए-राहुल
इससे पहले गुरुवार को राहुल ने प्रधानमंत्री पर राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए झूठ बोलने का आरोप लाया। रायबरेली के सांसद ने कहा कि वह (मोदी) सच्चाई से डर गए। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, 'बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी जी सच्चाई से ऐसा डरे (कि) झूठ की शरण ले ली। खैर, जो उचित समझा, (उन्होंने) वही किया।’
पूर्व सेना प्रमुख के संस्मरण का हवाला देना चाहते थे राहुल
नेता प्रतिपक्ष, पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देकर चीन के साथ सैन्य तनाव का विषय लोकसभा में उठाना चाहते थे, लेकिन आसन से अनुमति नहीं मिली। इस कारण चार दिनों से निचले सदन में गतिरोध बना हुआ है और राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के जवाब के बिना पारित हुआ। मोदी ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि भारत आज विश्व में पैदा हो रही चुनौतियों के समाधान के लिए आशा की किरण बना हुआ है और दुनिया एक नयी वैश्विक व्यवस्था की ओर आगे बढ़ रही है।
'कांग्रेस की गलतियां सुधारने में वक्त जाया होता है'
राज्यसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी देश के लोगों को ही समस्या मानते थे और 'हम 140 करोड़ समाधान’ के साथ आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि विपक्षी दल के पास कोई योजना या दृष्टि नहीं थी; जबकि 'हम उनकी गलतियों को सुधारने में काफी समय लगा रहे हैं’।
