देश

Jharkhand News: झारखंड के सारंडा जंगल में नक्सलियों से मुठभेड़, हथियारों का जखीरा जब्त

Jharkhand News:पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बरामद सामग्री इतनी अधिक थी कि सुरक्षा बलों ने इलाके को कुछ देर के लिए पूरी तरह सील कर दिया और तलाशी तेज कर दी।

Image

(फाइल फोटो: PTI)

Jharkhand News: झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम को पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। जराईकेला थाना क्षेत्र के कुलापू बुरू इलाके में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार तक लंबी मुठभेड़ हुई। इसके बाद इलाके की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और नक्सली साहित्य बरामद किया गया।

सुरक्षा बलों ने इलाके को कुछ देर के लिए पूरी तरह सील कर दिया

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बरामद सामग्री इतनी अधिक थी कि सुरक्षा बलों ने इलाके को कुछ देर के लिए पूरी तरह सील कर दिया और तलाशी तेज कर दी। मौके से दो एसएलआर राइफल, एक प्वाइंट 303 राइफल, एके-48 की 37 जिंदा गोलियां, एसएलआर की 78 गोलियां, और प्वाइंट 303 राइफल की 130 पीस गोलियां बरामद की गईं।

पुलिस ने विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल की जाने वाली 16.68 किलोग्राम जिलेटिन, 13 तैयार जिलेटिन आईईडी, 15 डेटोनेटर और 5 रेडियो सेट भी मौके से जब्त किए। इसके अलावा, दो इंटरसेप्टर, दो लैपटॉप, 11 एफएम रेडियो, 24 सिरिंज और अन्य नक्सली सामान भी मिले हैं।

पुलिस का कहना है कि बरामद किए गए हथियारों के जखीरे, विस्फोटक और पैकिंग सामग्री को देखकर साफ लगता है कि नक्सली बड़े हमले की तैयारी कर रहे थे या सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। इस वजह से टीम ने इलाके में सघन सर्च अभियान जारी रखा है ताकि नक्सलियों के संभावित ठिकानों को नष्ट किया जा सके।

'मुठभेड़ में सुरक्षा बल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा'

अधिकारियों ने कहा कि मुठभेड़ में सुरक्षा बल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। नक्सलियों के बच निकलने के सभी रास्तों को चिन्हित कर उन्हें सील किया गया है। स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ की यह संयुक्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी। सुरक्षा बलों ने मार्च 2026 तक राज्य से नक्सलियों के पूरी तरह खात्मे का लक्ष्य तय किया है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article