देश

Jammu Kashmir: बारामूला में जमात-ए-इस्लामी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 15 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी

Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की।

Image

कश्मीर: हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े घोषित अपराधी की बारामूला में संपत्ति कुर्क (फाइल फोटो- PTI)

Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शनिवार को पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई गैर कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत दर्ज एक मामले के सिलसिले में की गई। अधिकारियों के मुताबिक, उत्तर कश्मीर के सोपोर क्षेत्र में 15 से अधिक जगहों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया।

किन-किन जगहों पर हुई छापेमारी?

पुलिस ने शनिवार को जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में कई स्थानों पर प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी के खिलाफ गैर कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम मामले के सिलसिले में छापेमारी की। उत्तर कश्मीर के सोपोर में जामिया कदीम, नसीम बाग, क्रैंकशिवन, तारज़ू, अमरगढ़, वारपोरा, बोमाई, बोइतिंगू और अन्य इलाकों सहित 15 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई। अधिकारियों ने बताया कि छापे के दौरान प्रतिबंधित संगठन से जुड़े साहित्य सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।

क्या है मामला?

यह कार्रवाई सोपोर पुलिस थाने में जमात-ए-इस्लामी के खिलाफ गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 10 और 13 के तहत दर्ज प्राथमिकी के संबंध में की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह समन्वित अभियान नामित यूएपीए अदालत से उचित तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद चलाया गया और इसे कार्यकारी मजिस्ट्रेट तथा स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में उचित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई सोपोर पुलिस के उन लगातार प्रयासों का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य प्रतिबंधित संगठनों और राष्ट्र-विरोधी नेटवर्क से जुड़ी गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान करना और उनके खिलाफ कार्रवाई करना है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच जारी है।

आतंकियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई

इस पहले एलओसी के पार से सक्रिय आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन (एचएम) से जुड़े एक भगोड़े अपराधी की अचल संपत्ति को शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में कुर्क कर दिया गया। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि आतंकी तंत्र और राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ निरंतर जारी कार्रवाई के तहत सोपोर पुलिस ने पंज़ल्ला पुलिस थाने में ’ई एंड आईएमसीओ’ अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में शामिल और भगोड़े अपराधी की अचल संपत्ति कुर्क कर ली गई है। उन्होंने बताया कि भगोड़े अपराधी की पहचान गुलाम मोहम्मद भट उर्फ हैदर के रूप में हुई है, जो उत्तरी कश्मीर जिले के रोहामा रफीबाद क्षेत्र का निवासी है। प्रवक्ता ने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपी अवैध हथियार हासिल करने और गोला-बारूद का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए अवैध रूप से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में दाखिल हुआ था और वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़ा है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें