देश

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए गए जयवीर शेरगिल, हाल ही में कांग्रेस से दिया था इस्तीफा

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Dec 2, 2022, 04:49 PM IST

कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता जयवीर शेरगिल (Jaiveer Shergill ) को बीजेपी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया। हाल ही में उन्होंने कांग्रेस पर युवाओं को अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।

Image

जयवीर शेरगिल

Photo : ANI

कुछ महीने पहले कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले जयवीर शेरगिल (Jaiveer Shergill) को बीजेपी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया। वे कांग्रेस प्रवक्ता थे। अगस्त महीने में उन्होंने कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उधर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, पूर्व कांग्रेसी नेता सुनील जाखड़ और पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया। भाजपा की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष रहे मदन कौशिक, पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई के पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय और भाजपा की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष मनोरंजन कालिया को राष्ट्रीय कार्य समिति का विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

बीजेपी के प्रवक्ता बनाए जाने पर जयवीर शेरगिल ने ट्वीट किया कि मैं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी और गृह मंत्री श्री अमित शाह जी का मुझे विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त करने पर हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।

कांग्रेस छोड़ते हुए शेरगिल ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस के निर्णयकर्ताओं की दृष्टि में युवाओं की आकांक्षाओं से मेल नहीं खाती। सुप्रीम कोर्ट के वकील शेरगिल ने पार्टी की तत्कालीन अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे अपने त्याग पत्र में उल्लेख किया था कि कांग्रेस की निर्णय लेने की प्रक्रिया सेल्फ सर्विंग हितों से प्रभावित है। शेरगिल त्याग पत्र में लिखा था कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वर्तमान निर्णयकर्ताओं की विचारधारा और दृष्टि अब युवाओं और आधुनिक भारत की आकांक्षाओं के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है कि अब जनता और देश के हित के लिए निर्णय नहीं लिया जा रहा है। बल्कि यह चाटुकारिता में लिप्त व्यक्तियों के स्वार्थी हितों से प्रभावित है और जमीनी हकीकत की लगातार अनदेखी हो रही है। यह कुछ ऐसा है जिसे मैं नैतिक रूप से स्वीकार नहीं कर सकता या इसके साथ काम करना जारी नहीं रख सकता।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article