12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पूरा देश योगमय नजर आएगा। पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक करोड़ों लोग एक साथ योगाभ्यास करेंगे। इस बार का मुख्य आकर्षण पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता होगा,जहां आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में करीब 10 लाख लोग योग करेंगे। इतना ही नहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मेघालय सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि योग कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे। इस वर्ष योग दिवस की थीम 'स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)'रखी गई है।
कोलकाता बनेगा योग की राजधानी
इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य राष्ट्रीय आयोजन पहली बार कोलकाता में हो रहा है। आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। आयोजन स्थल पर करीब 35 हजार लोग मौजूद रहेंगे, जबकि पूरे कोलकाता में लगभग 10 लाख लोग प्रधानमंत्री के साथ योग करेंगे।आयुष मंत्रालय के मुताबिक, योग संगम पोर्टल पर कोलकाता और पश्चिम बंगाल से भारी उत्साह देखने को मिला है। पोर्टल पर लाखों लोगों ने पंजीकरण कराया है और देर रात तक यह संख्या 10 लाख के करीब पहुंचने की उम्मीद जताई गई।
विदेशों में भी होगा भव्य आयोजन
आयुष मंत्रालय ने बताया कि भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के समन्वय से दुनिया भर में स्थित 210 से अधिक भारतीय मिशन लगभग 2,500 स्थानों पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इन आयोजनों में भारतीय समुदाय के साथ-साथ स्थानीय नागरिक भी भाग लेंगे।ऐतिहासिक धरोहरों पर भी होगा योग
संस्कृति मंत्रालय और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) देशभर के 100 प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इनमें लाल किला (नई दिल्ली), हरिद्वार, कोणार्क, हम्पी, महाबलीपुरम, मुंबई, नालंदा, अहमदाबाद, सारनाथ, लेह, हैदराबाद और सिलचर सहित 12 प्रमुख स्थानों पर बड़े आयोजन होंगे। इसका उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक विरासत को योग की प्राचीन परंपरा से जोड़ना है।छह लाख से अधिक संगठनों ने कराया पंजीकरण
आयुष मंत्रालय के 'योग संगम पोर्टल' पर अब तक छह लाख से अधिक संगठनों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 3.22 लाख सरकारी संस्थान, करीब 2 लाख शिक्षण संस्थान, 16 हजार से अधिक निजी संगठन, 5 हजार से ज्यादा एनजीओ और अन्य हजारों संस्थाएं शामिल हैं।
यह अभियान देश के 778 जिलों तक पहुंच चुका है। सबसे अधिक पंजीकरण पश्चिम बंगाल (2.76 लाख से अधिक) से हुए हैं। इसके बाद राजस्थान, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, असम, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा और छत्तीसगढ़ का स्थान है।
योग के साथ नौसेना को भी मिलेगा बड़ा तोहफा
योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर देश में डिजाइन और निर्मित भारतीय नौसेना के तीन नए युद्धपोतों को भी सेवा में शामिल करेंगे।
दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी नेतृत्व
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता असोला भट्टी वन्यजीव अभयारण्य में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम की अगुवाई करेंगी। उनके साथ पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, वरिष्ठ अधिकारी, पर्यावरण विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल होंगे।
दिल्ली में खेल मंत्रालय का विशेष आयोजन
इसके साथ ही दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेल मंत्री मनसुख मांडविया लगभग 3,000 लोगों के साथ विशेष योग सत्र का नेतृत्व करेंगे। इस कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार भी हिस्सा लेंगे। देशभर में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के सभी क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों और खेलो इंडिया संस्थानों में एक साथ योग कार्यक्रम होंगे, जिनमें 15 हजार से अधिक खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध योग प्रशिक्षक अंशुका परवानी भी विशेष योग सत्र का संचालन करेंगी।
दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर दिखेगी मंत्रियों की मौजूदगी
राष्ट्रीय राजधानी में कई केंद्रीय मंत्री अलग-अलग स्थानों पर योग कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
- विदेश मंत्री एस. जयशंकर नेहरू पार्क में योग करेंगे।
- कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पूसा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार प्रगति मैदान में मौजूद रहेंगे।
- पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में योग करेंगे।
- खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे भी जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के कार्यक्रम में शामिल होंगी।
उत्तर प्रदेश में 1.43 करोड़ विद्यार्थी करेंगे सामूहिक योग
उत्तर प्रदेश में योग दिवस का आयोजन रिकॉर्ड स्तर पर होने जा रहा है। राज्य सरकार के अनुसार 1.32 लाख से अधिक सरकारी विद्यालयों और 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत 1.43 करोड़ से अधिक छात्र-छात्राएं सामूहिक योग सत्र में हिस्सा लेंगे। इन कार्यक्रमों में शिक्षक, शिक्षा मित्र, अनुदेशक और अभिभावकों की भी भागीदारी होगी। राज्य सरकार ने पूरे आयोजन की निगरानी के लिए बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
शिलांग में योग करेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शिलांग में वायुसेना के जवानों के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाएंगे। वह यहां भारतीय वायुसेना के एडवांस्ड लैंडिंग ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में योग करेंगे।
