देश

जबलपुर एयरपोर्ट पर क्षतिग्रस्त हुआ इंडिगो प्लेन का टायर, उड़ान में हुई 4 घंटे की देरी

मध्यप्रदेश में जबलपुर के डुमना हवाई अड्डे पर सोमवार को इंडिगो के एक विमान का टायर क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते उड़ान में चार घंटे की देरी हुई।

Image

जबलपुर हवाई अड्डे पर इंडिगो प्लेन का टायर हुआ क्षतिग्रस्त (फोटो- PTI)

मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित डुमना हवाई अड्डे पर सोमवार को एक इंडिगो विमान का टायर क्षतिग्रस्त हो जाने से उड़ान में करीब चार घंटे की देरी हुई। यह घटना उस समय हुई जब विमान ने मुंबई से यहां लैंडिंग कर यात्रियों को उतार दिया था और उसे ‘एप्रान’ यानी पार्किंग क्षेत्र में खड़ा करने के लिए ले जाया जा रहा था।

उड़ान में हुई देरी

हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। टायर बदलने के कारण विमान डुमना हवाई अड्डे पर रुका रहा, जिससे इसकी अगली उड़ान प्रभावित हुई। अधिकारी ने कहा कि प्रभावित विमान को शाम करीब साढ़े पांच बजे मुंबई भेजा गया। इस बीच, विमान में मौजूद ज्यादातर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बेंगलुरु और दिल्ली के रास्ते से अन्य उड़ानों का प्रबंध किया गया।

दोपहर की है घटना

डुमना हवाई अड्डे के निदेशक राजीव रतन पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए बताया कि विमान दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर मुंबई लौटने वाला था, लेकिन टायर की समस्या के कारण उड़ान में देरी हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि विमान यात्रियों के सुरक्षित उतरने के बाद ‘एप्रान’ में ले जाया जा रहा था, तभी टायर क्षतिग्रस्त हो गया। इंडिगो एयरलाइन के प्रवक्ता से इस मामले में कोई टिप्पणी अभी तक प्राप्त नहीं हो सकी है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article