देश

IndiGo की उड़ानें अभी और होंगी रद्द! 550 से ज्यादा हो चुकी हैं कैंसिल; सरकार का अल्टीमेटम- स्थिति करें सामान्य

IndiGo Flight Cancellations: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन विमानन कंपनियों में से एक इंडिगो अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। गुरुवार को अबतक 550 से ज्यादा घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। साथ ही अगले कुछ दिनों में और उड़ानें रद्द होने की आशंका है। हालांकि, एयरलाइन सोमवार से अपनी उड़ानों की संख्या में कटौती करने जा रहा है।

Image

IndiGo की उड़ानें अभी और होंगी रद्द! (फोटो साभार: PTI)

Photo : PTI

IndiGo Flight Cancellations: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन विमानन कंपनियों में से एक इंडिगो अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। गुरुवार को अबतक 550 से ज्यादा घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं, जबकि कई उड़ानें देरी से टेकऑफ कीं जिसकी वजह से हवाई यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह समस्या दिल्ली, बेंगलुरू या हैदराबाद एयरपोर्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के एयरपोर्ट और हवाई यात्री प्रभावित हुए।

अभी और रद्द होंगी उड़ानें!

इंडिगो की उड़ानें पिछले तीन दिनों से लगातार रद्द हो रही हैं और रोजाना आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। विमानन नियामक डीजीसीए के मुताबिक, इंडिगो की रोजाना लगभग 170-200 फ्लाइट्स कैंसिल हो रही हैं, जो सामान्य से काफी ज्यादा है। गुरुवार को खबर लिखे जाने तक इंडिगो की 550 से ज्यादा घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानें रद्द हो चुकी हैं और सोमवार तक स्थिति में ज्यादा सुधार होने की संभावना कम भी दिखाई दे रही है।

पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर 172 उड़ानों सहित विभिन्न हवाई अड्डों पर 550 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। सूत्रों के अनुसार मुंबई एयरपोर्ट पर कम से कम 118 उड़ानें रद्द हुईं, बेंगलुरु में 100, हैदराबाद में 75, कोलकाता में 35, चेन्नई में 26 और गोवा में 11 उड़ानें रद्द हुईं।

IndiGo की उड़ानें होंगी कम

फ्लाइट ऑपरेशन की समस्याओं से जूझ रही इंडिगो उड़ानों की संख्या ही कम करने जा रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक, इंडिगो ने 8 दिसंबर से उड़ानों की संख्या कम करने का निर्णय लिया है। हालांकि, फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य होने में अभी काफी समय लग जाएगा। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इंडिगो ने डीजीसीए को सूचित किया कि वह 8 दिसंबर से उड़ानों की संख्या कम करेगी और 10 फरवरी, 2026 तक पूरी तरह से स्थिर संचालन बहाल हो जाएगा, जबकि अगले कुछ दिनों में और उड़ानें रद्द होने की आशंका है।

IndiGo Passengers

इंडिगो की 550 से ज्यादा हो चुकी हैं कैंसिल

फ्लाइट्स रद्दीकरण को लेकर सरकार सख्त

नागर विमानन मंत्रालय और डीजीसीए ने मौजूदा हालातों को देखते हुए राहत प्लान का जायजा लेने के लिए इंडिगो के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। डीजीसीए ने एक बयान में कहा कि उड़ान ड्यूटी समय सीमा (FDTL) मानदंडों के दूसरे चरण के कार्यान्वयन में गलत निर्णय और योजनागत अंतराल के कारण उड़ानों में व्यवधान हुआ, क्योंकि चालक दल की जरूरतें अपेक्षा से अधिक हो गईं।

हवाई किराये पर बढ़ोतरी स्वीकार नहीं

नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने इंडिगो में व्यापक परिचालन गतिरोध उत्पन्न होने पर गंभीर चिंता जताते हुए गुरुवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की और विमान कंपनी को जल्द-से-जल्द परिचालन सामान्य करने का निर्देश दिया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। नायडू ने साथ ही स्पष्ट तौर पर कहा कि मौजूदा स्थिति का हवाला देकर हवाई किराये में किसी भी तरह की बढ़ोतरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

नागर विमानन मंत्री ने स्थिति संभालने के लिए अपनाए गए तौर-तरीकों पर अपना असंतोष जताते हुए कहा कि नए नियामकीय प्रावधानों के अनुरूप खुद को तैयार करने के लिए विमान कंपनी के पास पर्याप्त समय था। नायडू ने इंडिगो को निर्देश दिया कि उड़ानों के रद्द होने संबंधी सभी जानकारी यात्रियों को समय पर उपलब्ध कराई जाए और जरूरी होने पर यात्रियों को होटल सुविधा सहित सभी जरूरी इंतजाम मुहैया कराए जाएं।

क्यों रद्द हो रही उड़ानें?

इंडिगो ने नागर विमानन मंत्रालय और डीजीसीए के साथ बैठक में उड़ानें रद्द किए जाने से संबंधित आंकड़े पेश किए और व्यवधान की वजहों के रूप में चालक दल की तैनाती से जुड़ी चुनौतियां, संशोधित उड़ान ड्यूटी समयसीमा (FDTL) नियमों के क्रियान्वयन से जुड़े बदलाव और मौसम संबंधी बाधाओं का हवाला दिया।

फ्लाइट रद्द होने पर क्या करें?

सबसे पहले तो आप अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करते रहें और अगर एयरलाइन फ्लाइट को खुद कैंसिल करता है तो आप फुल रिफंड ले सकते हैं या फिर बिना किसी अतिरिक्त चार्ज के वैकल्पिक फ्लाइट का विकल्प भी ले सकते हैं। इंडिगो ने साफ किया है कि प्रभावित यात्री वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था या रिफंड लेने के अधिकारी हैं। अगर तत्काल यह सुविधा आपको न मिले तो ग्राहक सेवा डेस्क या ऑनलाइन इसकी मांग कर सकते हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article