देश

Indigo की 70 से ज्यादा उड़ानें कैंसिल; यात्रियों को हो रही परेशानी; एयरपोर्ट जाने से पहले देखें ताजा हाल

Flight Cancelled: भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनियों में से एक इंडिगो इन दिनों सबसे गंभीर परिचालन विफलताओं में से एक का सामना कर रही है। हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई एयरपोर्ट से विभिन्न गंतव्यों पर जाने वाली 80 से ज्यादा उड़ानें बुधवार को रद्द कर दी गईं। बता दें कि इंडिगो फिलहाल करीब 2,100 घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन करती है।

Image

इंडिगो की उड़ानें रद्द, यात्री परेशान (फाइल फोटो)

Flight Cancelled: भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनियों में से एक इंडिगो (Indigo) इन दिनों सबसे गंभीर परिचालन विफलताओं में से एक का सामना कर रही है जिसकी वजह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एयरपोर्ट्स में अफरा-तफरी जैसे हालात उत्पन्न हो रहे हैं। हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई एयरपोर्ट से विभिन्न गंतव्यों पर जाने वाली 70 से ज्यादा उड़ानें बुधवार को रद्द कर दी गईं। समाचार एजेंसी भाषा ने एयरपोर्ट सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। इंडिगो फिलहाल करीब 2,100 घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन करती है।

क्यों रद्द हो रही उड़ानें

सूत्रों के मुताबिक, चालक दल की कमी की वजह से बुधवार को इंडिगो की 70 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। सूत्रों ने बताया कि बेंगलुरु और मुंबई सहित विभिन्न एयरपोर्ट पर चालक दल की पर्याप्त उपलब्धता न होने से इंडिगो की कई उड़ानों के संचालन में देरी हुई। इंडिगो ने बताया कि उसकी कुछ उड़ानों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ विलंबित हुई हैं। इंडिगो के प्रवक्ता ने बयान में बताया, "पिछले कुछ दिनों में प्रौद्योगिकी से जुड़ी समस्याओं, एयरपोर्ट पर भीड़भाड़ और परिचालन प्रावधानों समेत विभिन्न कारणों से कई उड़ानों में देरी हुई है, जबकि कुछ को रद्द करना पड़ा है।"

हैदराबाद से इंडिगो की 13 उड़ानें रद्द

हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई जब इंडिगो एयरलाइंस ने हैदराबाद से दिल्ली और बेंगलुरु सहित विभिन्न गंतव्यों के लिए 13 उड़ानें रद्द कर दीं। एयरपोर्ट सूत्रों ने कहा कि एयरलाइन से जुड़ी तकनीकी और परिचालन संबंधी समस्याओं के कारण इंडिगो की कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। सूत्रों ने बताया कि इसी तरह, एयरलाइन ने विभिन्न गंतव्यों से आने वाली 18 उड़ानें भी रद्द कर दीं। मंगलवार को ही 9 उड़ानें रद्द कर दी गईं।

एक उपयोक्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राम मोहन नायडू को टैग करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, "अयप्पा भक्तों का हैदराबाद हवाई अड्डे पर घंटों की देरी से निपटने में विफल रहने के बाद प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यात्री स्पष्टता और ज़िम्मेदार सेवा के हक़दार हैं। उम्मीद है कि अधिकारी तुरंत कार्रवाई करेंगे।"

सोशल मीडिया पर VIDEO की आई बाढ़

सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो आए हैं, जिनमें परेशान यात्री उड़ानें रद्द करने को लेकर एयरलाइन कर्मचारियों से बहस करते दिखाई दे रहे थे। इंडिगो की कई उड़ानों में विभिन्न एयरपोर्ट पर देरी हुई, क्योंकि एयरलाइन को अपनी उड़ानों के संचालन के लिए पर्याप्त चालक दल जुटाने में संघर्ष करना पड़ा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article