देश

डोभाल के साथ ब्रिटिश NSA की बैठक में बनी सहमति, चरमपंथियों-आतंकवाद के खिलाफ होगी कार्रवाई

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jul 7, 2023, 05:52 PM IST

जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि भारतीय पक्ष ने ब्रिटेन में चरमपंथी तत्वों द्वारा भारतीय अधिकारियों को धमकाने का मुद्दा उठाया।

Image

Source: Twitter

Photo : Twitter

India-UK NSA Meet: राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और ब्रिटिश एनएसए के बीच बातचीत में अहम सहमति बनी। भारत और ब्रिटेन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच वार्ता के बारे में जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि भारतीय पक्ष ने ब्रिटेन में चरमपंथी तत्वों द्वारा भारतीय अधिकारियों को धमकाने का मुद्दा उठाया। चरमपंथियों पर कार्रवाई को लेकर दोनों पक्षों में सहमति बनी है।

चरमपंथी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने शुक्रवार को अपने ब्रिटिश समकक्ष सर टिम बैरो से ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों को धमकी देने वाले चरमपंथी तत्वों के खिलाफ निर्वासन जैसी कड़ी सार्वजनिक कार्रवाई करने का आग्रह किया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। डोभाल ने भारत की यात्रा पर आए बैरो के साथ व्यापक बातचीत के दौरान यह मुद्दा उठाया। दोनों एनएसए ने आमने-सामने बातचीत की जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हुई।

खालिस्तान समर्थक समूहों ने ब्रिटेन के साथ-साथ अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में वरिष्ठ भारतीय राजनयिकों के खिलाफ हिंसा भड़काने वाले पोस्टर जारी किए हैं। भारत पहले ही इन सभी देशों से भारतीय राजनयिकों और उसके मिशनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कह चुका है। एक सूत्र ने बताया कि भारतीय पक्ष ने ब्रिटेन में चरमपंथी तत्वों द्वारा भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों को धमकी देने का मुद्दा उठाया और ब्रिटिश सरकार से इन तत्वों के खिलाफ निर्वासन या कानूनी मुकदमा चलाने जैसी कड़ी सार्वजनिक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

दोनों पक्ष आतंकवाद और आतंकी वित्तपोषण का मुकाबला करने के लिए मिलकर काम करने पर भी सहमत हुए। दोनों एनएसए ने महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों में पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने का भी संकल्प लिया। सूत्रों ने बताया कि भारतीय पक्ष ने ब्रिटेन में भारतीय अधिकारियों को धमकी देने वाले चरमपंथी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का ब्रिटिश सरकार से आग्रह किया। सूत्र का कहना है कि भारत और ब्रिटेन आतंकवाद, आतंकी वित्तपोषण से निपटने के लिए एक साथ मिलकर काम करने पर सहमत हुए हैं।

इससे पहले 19 मार्च को लंदन में खालिस्तान समर्थक एक प्रदर्शनकारी भारतीय उच्चायोग की बालकनी पर चढ़ गया और भारतीय ध्वज को उतार दिया था। भारत ने ब्रिटेन के अधिकारियों से इस कांड में शामिल लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आग्रह करते हुए इस मामले पर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।

भारत-फ्रांस के संबंध नई दिशा की ओर बढ़े

इस बीच अजीत डोभाल ने हाल ही में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के राजनयिक सलाहकार इमैनुएल बोने से गहन बातचीत की। यह बातचीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगले सप्ताह होने वाली फ्रांस यात्रा की तैयारी के लिए आयोजित की गई थी। भारत में फ्रांसीसी दूतावास ने एक ट्वीट में बोने और डोभाल के बीच बैठक के बारे में विवरण साझा करते हुए कहा, राष्ट्रपति @EmmanuelMacron के राजनयिक सलाहकार ई. बोने ने अगले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्रमोदी की फ्रांस यात्रा की तैयारी के लिए एनएसए अजीत डोभाल के साथ गहन बातचीत की। रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, नई प्रौद्योगिकियां और बहुत कुछ: हम भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के महत्वाकांक्षी एजेंडे पर काम कर रहे हैं! (भाषा इनपुट)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article