Pakistan Strike on Afghanistan: भारत ने अफगानिस्तान पर पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे संप्रभुता का उल्लंघन और अनावश्यक सैन्य कार्रवाई करार दिया। इस हमले में महिलाओं और बच्चों सहित कई निर्दोष नागरिकों की मौत हुई है। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत सीमा पार सैन्य कार्रवाई के खिलाफ अपने सख्त रुख पर कायम है और रमजान के पवित्र महीने में अफगान क्षेत्र पर हवाई हमले करना गैर-जिम्मेदाराना और अनुचित है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ''"भारत अफगान क्षेत्र पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें महिलाओं और बच्चों सहित आम नागरिक मारे गए। यह पाकिस्तान द्वारा अपनी आंतरिक विफलताओं को बाहरी मुद्दा बनाने की एक और कोशिश है। भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के प्रति अपना समर्थन दोहराता है।"
PAK ने अफगानिस्तान में किए हवाई हमले
पाकिस्तान ने देश मे हुए हालिया हमलों को लेकर जवाबी कार्रवाई के तहत अफगानिस्तान में कम से कम सात आतंकवादी ठिकानों पर सैन्य हमले कर 70 आतंकवादियों को मार गिराने का रविवार को दावा किया। पाकिस्तान के गृह राज्य मंत्री तलल चौधरी ने कहा, ''अफगानिस्तान लंबे समय से आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। पाकिस्तान अपने नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठा रहा है।'' हालांकि, इस्लामाबाद के अधिकारियों ने शुरुआत में हमलों के सटीक स्थान नहीं बताए।
पाकिस्तान अफगानिस्तान पर आरोप लगाता रहा है कि वह आतंकवादियों को हमलों के लिए अपनी धरती का इस्तेमाल करने से रोकने में नाकाम रहा है। इसके कारण पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच संबंध बिगड़ गए हैं। पिछले साल अक्टूबर में, दोनों पक्षों के बीच संक्षिप्त रूप से सशस्त्र संघर्ष हुआ था। पाकिस्तानी सेना के अनुसार, इसमें 23 पाकिस्तानी सैनिक और 200 से अधिक अफगान तालिबान सैनिक मारे गए थे।
