देश

निराधार और बेबुनियाद: भारत ने PAK के आरोपों को किया खारिज, इस्लामाबाद धमाके की कड़ी निंदा की

Islamabad Blast: भारत ने पड़ोसी पाकिस्तान की एक मस्जिद में हुए धमाके की कड़ी निंदा की और पीड़ितों एवं उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए हमले के लिए बाहरी ताकतों को दोषी ठहराने के पाकिस्तान के प्रयास को खारिज कर दिया।

Image

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (फाइल फोटो)

Islamabad Blast: भारत ने पड़ोसी पाकिस्तान की एक मस्जिद में हुए धमाके की कड़ी निंदा की और पीड़ितों एवं उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए हमले के लिए बाहरी ताकतों को दोषी ठहराने के पाकिस्तान के प्रयास को खारिज कर दिया।

MEA ने PAK के आरोपों को किया खारिज

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर भारत पर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए निराधार और बेबुनियाद करार दिया। विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा, ''भारत ने आज इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए बम धमाके की कड़ी निंदा की है और इस घटना में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपने समाज की समस्याओं को गंभीरता से सुलझाने के बजाय दूसरों पर आरोप लगाकर खुद को धोखा दे रहा है। भारत ऐसे किसी भी आरोप को खारिज करता है, जो पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद हैं।''

शिया मस्जिद पर आत्मघाती हमला

इस्लामाबाद में शुक्रवार की नमाज के दौरान शिया समुदाय की मस्जिद में आत्मघाती हमलावर द्वारा खुद को विस्फोट में उड़ा लेने से कम से कम 68 लोग मारे गए और 170 लोग घायल हो गए। यह हमला हाल के वर्षों में शिया समुदाय को निशाना बनाकर किए गए सबसे भीषण आतंकी हमलों में से एक है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पुलिस ने एक बयान में कहा कि यह भीषण विस्फोट इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में स्थित खदीजातुल कुबरा मस्जिद-सह-इमामबाड़ा में हुआ। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आत्मघाती हमलावर को इमामबाड़ा के द्वार पर रोक लिया गया था, लेकिन उसने खुद को विस्फोट में उड़ा लिया।

इस्लामाबाद राजधानी क्षेत्र (ICT) के पुलिस प्रवक्ता ताकी जवाद ने बताया कि विस्फोट में मारे गए लोगों में इस्लामाबाद के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) सैयद अली नासिर रिजवी का एक चचेरा भाई भी शामिल था, जबकि पुलिस प्रमुख का एक अन्य रिश्तेदार घायल हो गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article