IMD Monsoon prediction : मानसून को लेकर मौसम विभाग (IMD)का ताजा अपडेट आया है। IMD ने शुक्रवार को जारी अपने अनुमान में कहा कि मानसून सीजन में इस बार देश भर में सामान्य बारिश हो सकती है और एक जून से पहले मानसून के दस्तक देने की संभावना कम है। मौसम एजेंसी ने चार जून के आस-पास केरल में मानसून के आने की संभावना जताई है। साथ ही विभाग का कहना है कि इस बार देश में सामान्य मानसून का 96 प्रतिशत बारिश हो सकती है।
उत्तर पश्चिमी भागों में कम होगी बारिश
देश के उत्तर पश्चिमी भागों में बारिश अपेक्षाकृत कम हो सकती है क्योंकि यहां सामान्य 92 प्रतिशत से कम बारिश हो सकती है। विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में मानसून के लिए अनुकूल दशाओं का निर्माण होने लगेगा। मौसम विभाग ने कहा, 'मानसून के एक बार जोर पकड़ लेने के बाद इसे चार जून के करीब केरल में दस्तक देने की उम्मीद है। एक जून से पहले हम मानसून आने की उम्मीद नहीं कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि मानसून इस साल सामान्य रहेगा।'

Mansoon
अगले सप्ताह अरब सागर में चक्रवात नहीं बनेगा
मौसम विभाग ने आगे कहा कि अगले सप्ताह अरब सागर में किसी चक्रवात के बनने की कोई संभावना नहीं है। यदि हर जगह बारिश समान रूप से होती है तो यह एक आदर्श स्थिति होगी। ऐसी स्थिति में कोई समस्या नहीं होगी। हर जगह सामान्य बारिश होने से कृषि को लाभ पहुंचेगा। जहां तक उत्तर पश्चिम भारत की बात है तो यहां सामान्य से कम बारिश होगी।
दिल्ली में गुरुवार को गरज के साथ छींटे पड़े
विभाग ने दिल्ली के मौसम पर अनुमान जारी करते हुए कहा कि राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है और हल्की बारिश हो सकती है। बता दें कि शहर के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को गरज के साथ छीटें पड़े और बारिश हुई जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 67 प्रतिशत दर्ज की गई।
