देश

गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की, हाल ही में हो चुके हैं कई आतंकी हमले

हाल ही में जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी हमले हो चुके हैं। आतंकवादियों ने पिछले चार दिनों में रियासी, कठुआ और डोडा जिलों के चार स्थानों पर हमला किया है। जिसमें नौ तीर्थयात्रियों के अलावा एक सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई।

Image

गृह मंत्री ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की

Photo : PTI

गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। शाह ने 16 जून को एक उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक भी बुलाई है, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शीर्ष अधिकारियों समेत अन्य लोग शामिल होंगे।

चार दिनों में चार हमले

हाल ही में जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी हमले हो चुके हैं। आतंकवादियों ने पिछले चार दिनों में रियासी, कठुआ और डोडा जिलों के चार स्थानों पर हमला किया है। जिसमें नौ तीर्थयात्रियों के अलावा एक सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई, जबकि सात सुरक्षाकर्मियों समेत अन्य लोग घायल हो गए।

  • कठुआ जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादी भी मारे गए और उनके पास से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।
  • आतंकवादियों ने रविवार को तीर्थयात्रियों को ले जा रही 53 सीट वाली बस पर उस समय गोलीबारी की, जब वह शिव खोड़ी मंदिर से कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जा रही थी। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस गोलीबारी के बाद गहरी खाई में गिर गई, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और 41 अन्य घायल हो गए।
  • आतंकवादियों ने मंगलवार को भद्रवाह के चटरगल्ला में राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस की एक संयुक्त जांच चौकी पर गोलीबारी की, जबकि बुधवार को डोडा जिले के गंदोह इलाके में एक निगरानी दल पर हमला किया जिसके कारण एक पुलिसकर्मी सहित सात सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
  • अधिकारियों ने बताया कि नौ जून को तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हुए हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों का पता लगाने और उन्हें मार गिराने के लिए शुरू किया गया खोजबीन अभियान जारी है।
  • अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा बलों ने दो और आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के बाद बृहस्पतिवार को कठुआ के सैदा सुखल गांव में नए सिरे से तलाशी और घेराबंदी अभियान शुरू किया। यह अभियान 15 घंटे से अधिक के उस अभियान के बाद शुरू किया गया है जिसके तहत गांव में दो संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए थे और एक सीआरपीएफ जवान की भी मौत हो गई थी।
  • मारे गए आतंकवादियों के कब्जे से एक एम4 राइफल, एक एके असॉल्ट राइफल, एक सैटेलाइट फोन और 2.10 लाख रुपये से अधिक के अलावा पाकिस्तान निर्मित खाद्य पदार्थ, दवाएं और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। इनमें से एक आतंकवादी जैश-ए-मोहम्मद संगठन का शीर्ष कमांडर बताया गया है।
  • पुलिस ने बुधवार को डोडा जिले में दो हमलों में शामिल चार आतंकवादियों के स्केच जारी किए थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को 20 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।
  • रियासी जिले में जहां आतंकवादियों ने रविवार को तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस पर हमला किया था, पुलिस ने कहा कि अब तक 50 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है क्योंकि दूरदराज के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

गृहमंत्री की बैठक में क्या-क्या

सूत्रों ने कहा कि गृह मंत्री ने रविवार की बैठक में भी सालाना अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया था जो 29 जून से शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को जम्मू-कश्मीर के हालात और वहां आतंकवादी घटनाओं के बाद उठाए गए कदमों से अवगत कराया गया।

एजेंसी इनपुट के साथ

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article