Hindi Samachar 15 November 2022: श्रद्धा हत्याकांड में अपनी लिव इन पार्टनर की नृशंस हत्या का आरोपी आफताब अमीन पूनावाला अपने परिवार के सदस्यों को मुंबई शिफ्ट करने में मदद के लिए एक पखवाड़ा पहले महाराष्ट्र में पालघर जिले के वसई की आवासीय सोसायटी आया था। सोसायटी के एक सदस्य ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मंगलवार को कहा कि भारत जोड़ो यात्रा ने "असली" राहुल गांधी को सामने ला दिया है और कांग्रेस सांसद की छवि को पूरी तरह से बदल दिया है। वहीं, वैश्विक आबादी के आठ अरब तक पहुंचने के बीच संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को कहा कि भारत की जनसंख्या वृद्धि स्थिर होती दिख रही है, जिससे पता चलता है कि परिवार नियोजन सेवाओं तक पहुंच सहित देश की राष्ट्रीय नीतियां और स्वास्थ्य प्रणालियां काम कर रही हैं। पढ़ें, आज की बड़ी और अहम खबरें:
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने दावा किया है कि सबके पूर्वज समान हैं। हम कुछ भी कहें, पर विज्ञान बताता है कि 40 हजार साल से हमारा डीएनए एक समान है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि हमें अपनी धार्मिक पूजा, भाषा, खान-पान और रीति-रिवाज पर पक्के रहना चाहिए।
श्रद्धा हत्याकांड में मतृका के दोस्तों ने आशंका जताई है कि उसके (मूल रूप से महाराष्ट्र की श्रद्धा वालकर) मर्डर के पीछे ‘बड़ी साजिश' हो सकती है। उन्होंने इसके साथ ही यह दावा भी किया आफताब पूनावाला (मौत के घाट उतारने वाला लिव-इन-पार्टनर) से जान का खतरा था। अपनी जिंदगी में उसके आने के बाद से वह हमेशा परेशान रहने लगी थी।वालकर के करीबी दोस्त ने कहा कि इस हत्या के पीछे ‘बड़ी साजिश’ हो सकती है, जबकि दूसरे मित्र ने दावा किया कि उसने एक बार शक जताया था कि आफताब उसका कत्ल कर सकता है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार (15 नवंबर, 2022) को दीदी ने कहा कि अगर केंद्र ने राज्य का बकाया नहीं चुकाया तो उसे (पश्चिम बंगाल) वस्तु और सेवा कर (जीएसटी) का भुगतान रोकना पड़ सकता है।आदिवासी बहुल झारग्राम जिले में जन सभा के दौरान सीएम ने बताया कि केंद्र को या तो राज्यों का बकाया चुकाना चाहिए या सत्ता छोड़ देनी चाहिए।
कांग्रेस के सीनियर नेता और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह का दावा है कि पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी की अगुवाई में जारी भारत जोड़ो यात्रा के असर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत को मदरसा और मस्जिद जाने पर मजबूर होना पड़ा है। कुछ ही दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ‘टोपी’ पहनना शुरू कर देंगे। मंगलवार (15 नवंबर, 2022) को भारत जोड़ो यात्रा की आयोजन समिति के प्रमुख ने यह बात मध्य प्रदेश के इंदौर में यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के बीच पत्रकारों से कही। पूर्व सीएम बोले, “भाजपा इन दिनों आलोचना के लिए खासकर राहुल को इसलिए चुन रही है, क्योंकि उनकी भारत जोड़ो यात्रा के एक महीने के भीतर भागवत मदरसा और मस्जिद जाने लगे हैं। थोड़े ही दिनों में मोदी भी टोपी पहनने लगेंगे।”
200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस के लिए राहत की खबर है दिल्ली की अदालत से जैकलीन फर्नांडिस को बेल मिल गई है।दिल्ली की एक अदालत ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के धनशोधन मामले में मंगलवार को जमानत दे दी।विशेष न्यायाधीश शैलेंद्र मलिक ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को यह राहत 50,000 रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की एक जमानत पर दी।
अमेजन (Amazon) के संस्थापक जेफ बेजोस (Jeff Bezos) ने अपने जिंदगीभर की कमाई 124 अरब डॉलर की संपत्ति का अधिकांश हिस्सा दान करने की घोषणा की है। यह घोषणा ऐसे समय में की गई है, जब ई-कॉमर्स दिग्गज कथित तौर पर करीब 10,000 कर्मचारियों की छंटनी करने वाली है। बेजोस ने सीएनएन को बताया कि पैसा जलवायु परिवर्तन से लड़ने और ऐसे लोगों का समर्थन करने में खर्च होगा, जो गहरे सामाजिक और राजनीतिक विभाजन के बावजूद मानवता को एकजुट कर सकते हैं।
BB16: अर्चना पार करेंगी सारी हदें! प्रियंका और अंकित के रिश्ते पर सवाल उठाएंगे घरवाले
बिग बॉस 16 (Bigg Boss 16) के आज 15 नवंबर का एपिसोड धमाकेदार होने वाला है। आज दर्शकों को एक तरफ टीना दत्ता और शालीन भनोट की दोस्ती में दरार देखने को मिलने वाली है। वहीं दूसरी तरफ अर्चना गौतम अपने पुराने रौद्र रूप में नजर आने वाली हैं। बिग बॉस 16 के आज के एपिसोड में गुस्सा, हंसी मजाक और लड़ाई-झगड़े का फुल डोज दर्शकों को मिलेगा। आइए जानते हैं कि बिग बॉस के घर में आज क्या-क्या देखने को मिलने वाला है।
