देश

Garmi Ka Mausam: वीकेंड पर गर्मी-लू पकड़ेगी रफ्तार, कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री पार; मौसम विभाग ने किया सावधान

लगातार बढ़ता तापमान सिर्फ लोगों की सेहत पर ही नहीं बल्कि बिजली खपत, पानी की मांग और खेती पर भी असर डाल रहा है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

Image

लू का रेड अलर्ट

देश के कई हिस्सों में गर्मी ने अब विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। 16 मई 2026 को जारी मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक मध्य भारत, विदर्भ, राजस्थान, गुजरात और उत्तर भारत के कई इलाकों में तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के वर्धा और अमरावती में 46.0°C रिकॉर्ड किया गया, जिससे दोनों शहर देश के सबसे गर्म इलाके बन गए।

विदर्भ में गर्मी का सबसे ज्यादा असर

विदर्भ में गर्मी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। अकोला में 45.4°C, ब्रह्मपुरी और यवतमाल में 45.2°C तापमान दर्ज किया गया। नागपुर भी भीषण गर्मी की चपेट में है जहां पारा 43.8°C तक पहुंच गया। मराठवाड़ा के परभणी में 44°C और मध्य महाराष्ट्र के सोलापुर व जलगांव में 43°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।

मध्य प्रदेश के कई शहर भी लू की गिरफ्त में

मध्य प्रदेश के कई शहर भी लू की गिरफ्त में हैं। नौगांव 44.2°C, खंडवा और झांसी 44.1°C, सागर 43.6°C, खरगोन, नरसिंहपुर, श्योपुर और ओरई 43.4°C तक तपते रहे। जबलपुर, खजुराहो, दमोह और टीकमगढ़ में भी तापमान 43°C के आसपास बना रहा। राजस्थान के फलोदी में 43.2°C दर्ज किया गया जबकि गुजरात के सुरेंद्रनगर में 43.2°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।

यूपी में बांदा हुआ इतना गर्म

उत्तर प्रदेश में भी गर्म हवाओं का असर साफ दिख रहा है। बांदा में 44.8°C, झांसी 44.1°C, हमीरपुर 43.2°C और आगरा में 43°C तापमान दर्ज किया गया।

मध्य भारत में 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान

तेलंगाना के आदिलाबाद में 44.8°C और निजामाबाद में 43.3°C रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य भारत और उससे सटे उत्तर पेनिनसुलर भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

गुजरात, राजस्थान और हरियाणा के कई इलाकों में भी भीषण गर्मी का दौर जारी है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तापमान अपेक्षाकृत कम यानी 32 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

दिल्ली का है ऐसा हाल

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी गर्मी लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में दिल्ली में तापमान और बढ़ सकता है तथा लू चलने की संभावना बनी हुई है।

शनिवार को राजधानी के कई इलाकों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक रिज क्षेत्र सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 42.4°C दर्ज किया गया। वहीं आयानगर में 41.6°C, लोधी रोड में 41.2°C, सफदरजंग में 40.8°C और पालम में 40.7°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। रात के समय भी गर्मी से खास राहत नहीं मिली और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। दिल्ली में दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा, जबकि बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी का असर और बढ़ गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राजधानी में लू जैसे हालात बने रहने की संभावना जताई है। दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।

क्या है चिंता की वजह?

लगातार बढ़ता तापमान सिर्फ लोगों की सेहत पर ही नहीं बल्कि बिजली खपत, पानी की मांग और खेती पर भी असर डाल रहा है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिन मध्य और उत्तर भारत के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

लोगों के लिए सलाह

  • दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें
  • ज्यादा से ज्यादा पानी और ORS लें
  • हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें
  • बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
  • खाली पेट घर से बाहर न निकलें
देशभर में बढ़ती गर्मी ने साफ कर दिया है कि इस बार मई महीने में ही जून जैसी तपिश महसूस होने लगी है। मौसम विभाग लगातार हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी कर रहा है और आने वाले दिनों में कई राज्यों में तापमान और बढ़ने की आशंका जताई गई है।
bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article