देश

Haryana Assembly Election: लोकसभा परिणाम से उत्साहित कांग्रेस हरियाणा विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी, कार्यक्रम घोषित

Haryana Assembly Election: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान कमर कस चुके हैं। वो लगातार जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर रहे हैं।

Image

हरियाणा विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस

Haryana Assembly Election: हरियाणा में लोकसभा चुनाव के परिणाम से उत्साहित कांग्रेस अभी से ही विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसके लिए कार्यक्रमों की भी घोषणा कर दी गई है। हरियाणा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने 5 सीटें जीती हैं, पिछली बार एक भी सीट उसके हिस्से नहीं आई थी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान कमर कस चुके हैं। वो लगातार जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर रहे हैं। अब तक वो 121 कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर जमीनी स्थिति के बारे में जानकारी जुटा चुके हैं। उदयभान ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ तैयारी कर रही है। कांग्रेस इस चुनाव में सभी सीटों पर जीत का परचम लहराएगी। लोकसभा चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद हम आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट चुके हैं। इसके लिए मैं खुद व्यक्तिगत स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर रहा हूं।"

क्या बोले उदयभान

उन्होंने कहा- "इसके अलावा, 16 जून से लेकर 14 जुलाई तक सभी जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसमें आगामी चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। इसके बाद हम घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित करेंगे। लोगों को कांग्रेस की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताएंगे। अभी हाल ही में हमारी चुनाव घोषणा समिति की बैठक हुई है, जिसमें हमने आगे की रूपरेखा तैयार की है। जल्द ही इसे जमीन पर उतारा जाएगा। हमने आगामी विधानसभा चुनाव के संबंध में उप-समिति का गठन कर दिया है। हमें जल्द ही वो रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके बाद हम आगे की रूपरेखा तैयार करेंगे।"

रिपोर्ट के बाद जारी होगा घोषणापत्र

उन्होंने आगे कहा- "इन सभी प्रक्रियाओं को संपन्न करने के बाद पार्टी की ओर से घोषणापत्र जारी किया जाएगा। इसके लिए हम अभी से ही सक्रिय मुद्रा में आ चुके हैं। अपने घोषणापत्र में हम कांग्रेस के संकल्प को भी शब्दों में पिरोने का प्रयास करेंगे। लोकसभा चुनाव के प्रशंसनीय नतीजों से स्पष्ट है कि प्रदेश का राजनीतिक माहौल कांग्रेस के पक्ष में है। इस लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों में कांग्रेस का वोट शेयर बढ़ा है, जिसे आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से शुभ संकेत के रूप में देखा जा रहा है।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article