गुजरात (Gujarat) के आणंद (Anand) में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Express Train) की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मंगलवार (आठ नवंबर, 2022) को यह घटना वहां के रेलवे स्टेशन के पास हुई। ट्रेन 18 के नाम से मशहूर यह सफेद रंग की रेलगाड़ी मुंबई जा रही थी।
रेलवे पुलिस ने इस बारे में समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में 54 साल की वह महिला आ गई थी, जिससे उसकी जान चली गई। अफसर के मुताबिक, पीड़िता की शिनाख्त बीट्राइस आर्चीबाल्ड पीटर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना शाम चार बजकर 37 मिनट पर हुई। वह महिला उस वक्त पटरी पार कर रही थी। अहमदाबाद की रहने वालीं पीटर आणंद में अपने एक रिश्तेदार से मिलने जा रही थी, जबकि ट्रेन गांधीनगर कैपिटल स्टेशन से मुंबई सेंट्रल जा रही थी।
अधिकारी ने आगे कहा कि आणंद में ट्रेन का ठहराव नहीं है, आगे की जांच चल रही थी। वैसे, इस ट्रेन से जुड़ा यह इस प्रकार का पहला हादसा नहीं है। पिछले एक महीने में ट्रेन की चपेट में आने से पटरी पर मवेशियों के मरने की कम से कम तीन घटनाएं हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 सितंबर को हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन का उद्घाटन किया था।
