देश

भूपेंद्र पटेल मंत्रिमंडल में जानें किस जाति को कितनी अहमियत, हार्दिल पटेल-अल्पेश का कटा पत्ता

  • Authored by: प्रशांत श्रीवास्तव
  • Updated Dec 12, 2022, 06:07 PM IST

Gujarat Cabinet List:भूपेंद्र पटेल मंत्रिमंडल में कनूदेसाई, ऋषिकेश पटेल, राघवजी पटेल, बलवंत सिंह राजपूत, कुंवरजी बावलिया, मुलुभाई बेरा, कुबेर डिंडोर और भानुबेन बावरिया को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। जबकि हर्ष सांघवी और जगदीश विश्वकर्मा को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में कैबिनेट में जगह मिली है।

KEY HIGHLIGHTS
  • पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के मंत्रिमंजल में शामिल रहे 3 नेताओं को जगह मिली है।
  • हार्दिक पटेल और अल्पेश ठाकोर को जगह नहीं मिली है।
  • भूपेंद्र पटेल मंत्रिमंडल में सबसे अमीर मंत्री बलवंत सिंह राजपूत हैं।

Gujarat Cabinet List: गुजरात में भूपेंद्र पटेल ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। उनके मंत्रिमंडल में 16 मंत्रियों को जगह मिली है। इस लिस्ट में खास बात यह है कि पाटीदार आंदोलन से निकलने नेता हार्दिक पटेल और ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर को जगह नहीं मिली है। भूपेंद्र पटेल कैबिनेट में पटेल समाज, जैन समाज, आदिवासी समाज, कोली, दलित और ओबीसी समुदाय ,ब्राह्मण, क्षत्रिय को प्रतिनिधित्व मिला है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के करीबी लोगों को भी जगह मिली है। यानी कुल मिलाकर सभी को साधने को कोशिश की गई है।

बने ये मंत्री

भूपेंद्र पटेल मंत्रिमंडल में कनूदेसाई, ऋषिकेश पटेल, राघवजी पटेल, बलवंत सिंह राजपूत, कुंवरजी बावलिया, मुलुभाई बेरा, कुबेर डिंडोर और भानुबेन बावरिया को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। जबकि हर्ष सांघवी और जगदीश विश्वकर्मा को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में कैबिनेट में जगह मिली है।राज्य के छह अन्य मंत्रियों में पुरुषोत्तम सोलंकी, बच्चूभाई खाबड़, मुकेश पटेल, प्रफुल्ल पंशेरिया, भीखूसिंह परमार और कुवरजी हलपति के नाम शामिल हैं।

जाति/समुदायमंत्रियों की संख्या
कोली4
पाटीदार3
ओबीसी3
आदिवासी3
जैन1
ब्राह्मण1
राजपूत 1

विजय रूपाणी के 3 करीबियों को जगह

मंत्रिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के समय में मंत्री रहे 3 नेताओं को जगह मिली है। इसमें कुंवरजी बावलिया, पुरूषोत्तम सोलंकी और बच्चू भाई खाबड़ को जगह मिली है। कुंवरजी बावलिया को जहां कैबिनेट मंत्री बनाया गया है, वहीं पुरुषोत्तम सोलंकी और बच्चूभाई खाबड़ को राज्य मंत्री बनाया गया है। पुरुषोत्तम सोलंकी और बच्चूभाई खाबड़, जब नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री थे तो उनके मंत्रिमंडल में भी शामिल थे। इसके अलावा भूपेंद्र पटेल कैबिनेट में पूर्व 11 मंत्रियों को शामिल किया गया है। ये वो लोग हैं जो चुनाव से पहले भूपेंद्र पटेल मंत्रिमंडल में शामिल थे।

भाजपा के तीसरे नेता जो लगातार सीएम बने

भूपेंद्र पटेल दूसरी बार शपथ ग्रहण करने के साथ ही, भाजपा के उन मुख्यमंत्रियों की लिस्ट में शामिल हो गए जो लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने है। राज्य में भाजपा की पहली बार साल 1995 में सरकार बनी थी। लेकिन लगातार मुख्यमंत्री रहने का पहला रिकॉर्ड नरेंद्र मोदी को मिला। वह साल 2002-2014 तक मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद जब विजय रूपाणी मुख्यमंत्री बने तो उन्हें 2016-2021 के बीच लगातार दो बार मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला। और अब भूपेंद्र पटेल भी ऐसा करने वाले तीसरे भाजपा नेता बन गए हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 182 में से रिकॉर्ड 156 सीट जीती हैं। यह गुजरात के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार सातवीं जीत है। कांग्रेस को 17 और आम आदमी पार्टी (आप) को पांच सीट पर जीत मिली है।

प्रशांत श्रीवास्तव
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article