Abhijeet Dipke: NEET पेपर लीक एवं अन्य परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर देश भर में विरोध-प्रदर्शन करने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि उनकी मुहिम को पूरे देश में समर्थन मिल रहा है। जंतर-मंतर पर 10 जून को प्रदर्शन से पहले दीपके ने Times Now से खास बातचीत की। इस बातचीत में उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। इस बातचीत में दीपके ने कहा कि 'सरकार के पास हॉर्स ट्रेडिंग (एमपी, एमएलए खरीदने) के पैसे हैं लेकिन सुसाइड करने वाले NEET छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने के लिए राशि नहीं है।'
दीपके ने कहा कि NEET पेपर लीक और छात्रों की आत्महत्या के मुद्दे पर उन्हें देशभर से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि वह पुणे, नागपुर, जयपुर, लखनऊ, अमृतसर और बेंगलुरु जैसे शहरों का दौरा कर चुके हैं और हर जगह लोग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए
Times Now से बातचीत में दीपके ने कहा, 'प्रतिक्रिया बेहद जबरदस्त रही है। देशभर के लोग धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। 12 से अधिक छात्रों ने आत्महत्या कर ली है और पिछले 48 घंटों में ही 6 मामले सामने आए हैं। री-एग्जाम की तारीख नजदीक आने के साथ यह संख्या कम होने के बजाय बढ़ रही है। धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।' उन्होंने छात्रों की स्थिति को 'दुखद मजाक' बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और उनके परिवारों की आर्थिक परेशानियों की अनदेखी कर रही है, जबकि राज्यों में राजनीतिक जोड़-तोड़ और विधायकों-सांसदों की खरीद-फरोख्त पर पैसा खर्च किया जा रहा है।
'यह छात्रों के साथ दुखद मजाक'
उन्होंने कहा, 'यह छात्रों के साथ एक दुखद मजाक है। आप सांसदों और विधायकों को खरीदने के लिए 50 करोड़ रुपये खर्च कर सकते हैं, उन्हें गुवाहाटी तक ले जा सकते हैं, लेकिन उन परिवारों की मदद नहीं कर सकते जो आज कर्ज में डूबे हुए हैं। कई लोगों ने अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए जमीन बेच दी और कर्ज लिया है। उन्हें इस संकट से निकालना राज्य की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार घोड़ाबाजारी में लगी हुई है। इससे बड़ी त्रासदी और क्या हो सकती है?'
छात्रों के समर्थन में आएं विपक्षी दल-दीपके
गौरतलब है कि दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला पत्र लिखकर NEET अभ्यर्थियों की आत्महत्या के मामलों में प्रभावित परिवारों को 1 करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि ये मौतें परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद पैदा हुई परिस्थितियों से जुड़ी हैं। उन्होंने विपक्षी दलों से भी राजनीतिक मतभेद भुलाकर छात्रों के समर्थन में एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा, 'मैं विपक्ष से मांग करता हूं कि वह राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठे, इस आंदोलन का समर्थन करे और उन छात्रों के लिए न्याय की मांग करे जिन्होंने आत्महत्या की, साथ ही उन छात्रों के लिए भी जिन्हें इस व्यवस्था ने नुकसान पहुंचाया है।'
दिल्ली में CJP का दूसरा बड़ा प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शनिवार को जंतर-मंतर पर अपना दूसरा बड़ा प्रदर्शन कर रही है। दीपके ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों से 'थाली और चम्मच' लेकर आने की अपील की है, क्योंकि संगठन परीक्षा पेपर लीक और छात्र आत्महत्या के मुद्दे पर अपना अभियान तेज कर रहा है।
