देश

सरकार ने नागरिकता नियम 2009 में किया संशोधन, अब CAA आवेदकों को 15 दिन में जमा करना होगा पासपोर्ट

मंत्रालय ने बताया है कि नागरिकता नियम,2009 में संशोधन करते हुए एक नया अनुच्छेद जोड़ा गया है। इसके तहत आवेदक के पास पाकिस्तान, अफगानिस्तान या बांग्लादेश की सरकारों द्वारा जारी किया गया कोई वैध और/या समाप्त हो चुका पासपोर्ट नहीं होना चाहिए।

Image

पासफोर्ट (फोटो-Istock)

केंद्र सरकार ने नागरिकता नियम,2009 में व्यापक संशोधन किया है। इस बाबत गृह मंत्रालय ने सोमवार को अधिसूचना भी जारी कर दी है। इसमें कहा गया है कि नागरिकता नियम,2009 के तहत भारतीय नागरिकता चाहने वाले पाकिस्तान,अफगानिस्तान और बांग्लादेश के आवेदकों को अब अपने मूल देश से जारी स्वयं के पासपोर्ट की स्थिति के बारे में घोषणापत्र देना होगा।

सोमवार को जारी इस अधिसूचना में मंत्रालय ने बताया है कि नागरिकता नियम,2009 में संशोधन करते हुए एक नया अनुच्छेद जोड़ा गया है। इसके तहत आवेदक के पास पाकिस्तान, अफगानिस्तान या बांग्लादेश की सरकारों द्वारा जारी किया गया कोई वैध और/या समाप्त हो चुका पासपोर्ट नहीं होना चाहिए।

इस राजपत्र अधिसूचना में कहा गया है कि यदि आवेदक के पास सक्रिय पासपोर्ट है, तो उसे पासपोर्ट संख्या और जारी करने की तिथि और स्थान तथा समाप्ति तिथि जैसी अन्य जानकारी प्रस्तुत करनी होगी।

इसके अलावा, अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि उन्हें नागरिकता आवेदन की स्वीकृति के 15 दिनों के भीतर अपना वैध और/या समाप्त हो चुका पासपोर्ट संबंधित वरिष्ठ डाक अधीक्षक या डाक अधीक्षक को सौंप दिए जाने का घोषणापत्र देना होगा।

नए प्रावधान में क्या शामिल

यह नया प्रावधान नियमों की अनुसूची आईसी के बाद जोड़ा जाएगा,जो हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदायों से संबंधित अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान के नागरिकों के लिए है जो भारतीय नागरिकता प्राप्त करना चाहते हैं।

गौरतलब है कि Citizenship Amendment Act यानी नागरिकता (संशोधन) अधिनियम, 2019 के जरिए पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए गैर-मुस्लिम प्रवासियों को भारतीय नागरिकता देने का रास्ता बनाया गया था। यह कानून उन लोगों पर लागू होता है, जो 31 दिसंबर 2014 से पहले भारत आए थे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article