देश

'हां मैंने निज्जर को मार डाला क्योंकि...', गोल्डी बराड़ का कबूलनामा; गैंगस्टर ने खालिस्तान समर्थक आतंकी को क्यों उतारा मौत के घाट?

हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर एक कथित लीक ऑडियो सामने आया है। इसमें गैंगस्टर गोल्डी बराड़ कथित तौर पर निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए दावा करता सुनाई दे रहा है कि उसने अपनी टीम के साथ मिलकर हत्या करवाई थी। हालांकि, ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। निज्जर की हत्या जून 2023 में कनाडा के सरे में हुई थी, जिसके बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था।

Image

हरदीप निज्जर की हत्या पर गोल्डी बराड़ का कथित कबूलनामा। ANI

Photo : ANI

कनाडा में मारे गए खालिस्तान समर्थक आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है। एक कथित लीक ऑडियो में कनाडा में रह रहा गैंगस्टर गोल्डी बराड़ यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि उसने और उसकी टीम ने ही निज्जर की हत्या करवाई थी। हालांकि, इस ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

यह कथित ऑडियो गोल्डी बराड़ और खालिस्तानी आतंकी परमजीत सिंह पम्मा के बीच बातचीत का बताया जा रहा है। ऑडियो में बराड़ ने कथित तौर पर निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि निज्जर उन लोगों को समर्थन दे रहा था, जो युवाओं को ड्रग्स के कारोबार में धकेल रहे थे।

खालिस्तान समर्थक आतंकी परमजीत सिंह पम्मा से बातचीत के दौरान गोल्डी बराड़ ने कहा कि उसने ही निज्जर को मारा है। बरार ने कहा, "निज्जर युवाओं को ड्रग्स के जाल में फंसाने वालों का समर्थन करता था। जिन लोगों ने युवाओं को ब्लैकमेल करनके ड्र्ग्स बेचने और मुखबिर बनने पर जमबूर किया। निज्जर ऐससे लोगों को जमबूत बना रहा था तारि समय यआने पर उनका इस्तेमाल कर सके। इसलिए मैंने और मेरी टीम ने मिलकर उसे मार डाला।"

बराड़ के कथित बयान के मुताबिक, 16-17 साल के युवाओं को ड्रग्स बेचने के लिए उकसाया और ब्लैकमेल किया जा रहा था और निज्जर ऐसे लोगों को मजबूत कर रहा था। इसी वजह से उसने अपनी टीम के साथ मिलकर निज्जर को खत्म करने का दावा किया।

2023 में हुई थी निज्जर की हत्या

हरदीप सिंह निज्जर की जून 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सरे में एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में भारी तनाव पैदा हो गया था। तत्कालीन कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर हत्या से जुड़े होने के आरोप लगाए थे, जिन्हें भारत ने खारिज कर दिया था।

हाल में कनाडाई जांचकर्ताओं ने कहा था कि निज्जर की हत्या में भारतीय अधिकारियों की संलिप्तता का कोई सबूत नहीं मिला है। कनाडा की आरसीएमपी की डिप्टी कमिश्नर लिसा मोरलैंड ने भी कहा था कि इस मामले में भारतीय अधिकारियों के खिलाफ आरोप या उनकी संलिप्तता का कोई सबूत नहीं है।

गोल्डी बराड़ पर पहले से कई गंभीर आरोप

गोल्डी बराड़ भारत में कई हत्याओं समेत गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है। उसका नाम पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से भी जुड़ा रहा है। पिछले महीने अमेरिकी एफबीआई ने उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने वाले को 50 हजार डॉलर तक के इनाम की घोषणा की थी।

निज्जर हत्याकांड को लेकर सामने आया यह कथित ऑडियो ऐसे समय में आया है जब भारत और कनाडा के बीच इस मामले को लेकर पहले से मौजूद विवाद की दिशा बदलती नजर आ रही है। हालांकि, सिर्फ कथित ऑडियो में किए गए दावे को हत्या की अंतिम पुष्टि या न्यायिक निष्कर्ष नहीं माना जा सकता।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article