देश

'गोवा के लिए यह एक दर्दनाक दिन, जिम्मेदार लोगों पर होगी सख्त कार्रवाई', नाइट क्लब सिलेंडर ब्लास्ट के बाद क्या-क्या बोले CM सावंत?

Goa Night Club Cylinder Blast: गोवा के नाइट क्लब में शनिवार देर रात हुई सिलेंडर ब्लास्ट की वजह से 25 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना पर चिंता जताते हुए सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि आज का दिन गोवा के लिए बेहद दर्दनाक दिन है। जांच में आग लगने के सही कारणों और अग्नि सुरक्षा मानदंडों और भवन निर्माण नियमों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Image

गोवा के नाइट क्लब में हुए सिलेंडर ब्लास्ट पर सीएम प्रमोद सावंत ने जताई चिंता।(फोटो सोर्स: ANI)

Photo : ANI

Goa Night Club Cylinder Blast: उत्तरी गोवा में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। अर्पोरा गांव के एक नाइटक्लब में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ,जिसकी वजह से भयानक आग लग गई। इस हादसे में 25 लोगों की मौत गई। मृतकों में ज्यादातर संख्या किचन स्टाफ की है। आशंका जताई जा रही है कि इन लोगों की दम घुटने से मौत हुई है।

पणजी से करीब 25 किमी दूर एक मशहूर पार्टी वेन्यू बिर्च बाय रोमियो लेन में आधी रात के बाद आग लगी। बता दें कि यह क्लब पिछले साल ही खुला था। घटना की जानकारी मिलते ही गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत घटनास्थल पर पहुंचे। इस घटना पर शोक प्रकट करते हुए सीएम ने कहा कि राज्य के लिए यह एक बहुत दर्दनाक दिन है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना भी व्यक्त की।

एक्स पर एक पोस्ट में सीएम सावंत ने लिखा, "आज गोवा में हम सभी के लिए बहुत ही दुखद दिन है। अरपोरा में हुई एक भीषण आग की घटना में 25 लोगों की जान चली गई है। मैं बेहद दुखी हूं और इस अकल्पनीय क्षति की घड़ी में सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने घटनास्थल का दौरा किया और इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच में आग लगने के सही कारणों और अग्नि सुरक्षा मानदंडों और भवन निर्माण नियमों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी । किसी भी लापरवाही से सख्ती से निपटा जाएगा।"

जिम्मेदार लोगों पर होगी सख्त कार्रवाई: सीएम सावंत

इससे पहले, घटनास्थल का दौरा करने के दौरान, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इसे "दुर्भाग्यपूर्ण" घटना बताया और कड़ी कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा, "गोवा जैसे पर्यटन राज्य के लिए यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जांच में आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"

गोवा डीजीपी ने क्या कहा?

इस बीच, गोवा के डीजीपी आलोक कुमार ने कहा कि पुलिस को आधी रात के कुछ देर बाद अलर्ट मिला। "अरपोरा के एक रेस्टोरेंट-कम-क्लब में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। रात 12:04 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना मिली और पुलिस, दमकल विभाग और एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुँच गईं। आग पर अब काबू पा लिया गया है और सभी शव बरामद कर लिए गए हैं। कुल मृतकों की संख्या 23 है। पुलिस इस घटना के कारणों की जांच करेगी और निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई करेगी।"

अधिकारियों के अनुसार, रविवार को अरपोरा के एक रेस्टोरेंट-कम-क्लब में भीषण आग लगने से कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई। आग लगने की सूचना आधी रात के आसपास मिली और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुँच गईं।

घायलों को इलाज के लिए के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया, जबकि अधिकारी स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए रात भर काम करते रहे। अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article